National News: कॉकरोच जनता पार्टी के सह-संयोजक सौरभ दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने से रोके जाने के मामले में विवाद खड़ा हो गया है। एक एक्स यूजर ने रोक की वजह बताने का दावा किया तो दास ने पूछा कि क्या उनके चाचा ने उन्हें ये जानकारियां दी हैं। दास ने दिल्ली हाईकोर्ट का रुख किया है।
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के सह-संयोजक सौरभ दास को हाल ही में दिल्ली एयरपोर्ट पर उस वक्त रोक लिया गया था, जब वह ब्रिटेन के लिए उड़ान भरने वाले थे। दास ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा था कि उन्हें लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार नहीं होने दिया गया, जबकि वह ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में लेक्चर देने जा रहे थे।
दास ने बताया था कि उन्हें देर रात एक बजे लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होना था, लेकिन इससे पहले ही दिल्ली हवाई अड्डे पर इमिग्रेशन जांच के दौरान रोक दिया गया। उन्होंने कहा था कि उन्हें ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, लंदन स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स (एलएसई) और एडिनबरा जैसे विश्वविद्यालयों में कॉकरोच आंदोलन पर व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया था।
दीपके ने भी शेयर की थी पोस्ट
दास की इस पोस्ट को कॉकरोच पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी शेयर किया था। उन्होंने लिखा था कि सौरभ को ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में एक सम्मेलन में बोलने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन ऐसा लगता है कि सत्ता में बैठा कोई व्यक्ति उन्हें ऑक्सफोर्ड से बुलावा मिलने से ईर्ष्या कर रहा है।
यूजर ने बताई रोक की वजह
दीपके की इस पोस्ट के बाद जयेश मेहता नाम के एक एक्स यूजर ने उनकी पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए सौरभ दास को एयरपोर्ट पर रोके जाने की वजह बताने का दावा किया और इसके लिए खुद सौरभ को जिम्मेदार बताया। यूजर ने लिखा था कि यह समस्या खुद सौरभ ने पैदा की है, क्योंकि उनके पासपोर्ट में उनके पिता का नाम सुबीर दास लिखा है, जबकि उनके वीजा में उनके पिता का नाम दीपक दास दर्ज है। यूजर ने सलाह दी थी कि सौरभ दास को इस गड़बड़ी को ठीक करा लेना चाहिए।
इसी यूजर के तर्क का जवाब देते हुए सौरभ दास ने लिखा, ‘अंकल जी, क्या आपके चाचा ने आपको ये सारी जानकारी दी है?’ वहीं जब मेजर जनरल हर्ष काकर नाम के एक अन्य यूजर ने दीपके की पोस्ट को रीपोस्ट करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी की तुलना केजरीवाल और आम आदमी पार्टी से की और आरोप लगाया कि सौरभ दास को ऑक्सफोर्ड से कोई बुलावा नहीं मिला था, बल्कि वह पैसे देकर शामिल होने वाले कार्यक्रम में जा रहे थे, तो दास ने उन्हें जवाब देते हुए लिखा, ‘चाचा, अपने 2 पेग लगाओ और अब सो जाओ।’
दिल्ली हाईकोर्ट का रुख
एयरपोर्ट पर रोके जाने के खिलाफ सौरभ दास ने बुधवार को दिल्ली उच्च न्यायालय का रुख किया और याचिका पर तत्काल सुनवाई की मांग की। हालांकि दो जजों की बेंच ने तत्काल सुनवाई की मांग को मानने से इनकार करते हुए इस मामले को गुरुवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया।