Saharanpur News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले स्थित गागलहेड़ी क्षेत्र में एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां एक मांस उत्पादक फैक्टरी में अमोनिया गैस का रिसाव होने से पैकेजिंग का काम कर रहीं करीब 14 महिला श्रमिकों की तबीयत अचानक बिगड़ गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ए.एल.एम. मांस फैक्टरी में रोजाना की तरह पैकिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान महिला श्रमिकों को अचानक सांस लेने में तकलीफ और चक्कर आने की शिकायत हुई। जांच करने पर पता चला कि फैक्टरी में अमोनिया गैस लीक हुई है।
4 महिलाओं को आईसीयू में कराया गया भर्ती
गैस रिसाव के तुरंत बाद सभी 14 प्रभावित महिलाओं को आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी हरि अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से 4 महिलाओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें सघन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में रखा गया है, जबकि अन्य का इलाज सामान्य वार्ड में जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीएम सुबोध कुमार और पुलिस क्षेत्राधिकारी विजय प्रताप पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और गैस रिसाव के कारणों की जांच शुरू कर दी है, ताकि लापरवाही की जवाबदेही तय की जा सके।
पूर्व सांसद हाजी फजलुर्रहमान की है यह फैक्टरी
प्रशासनिक टीम यह भी जांच कर रही है कि क्या फैक्टरी में आवश्यक सुरक्षा मानकों का उचित पालन किया जा रहा था। बता दें कि यह मांस फैक्टरी सहारनपुर के पूर्व बसपा सांसद हाजी फजलुर्रहमान की है, जो वर्ष 2024 में समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए थे।
स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा नियमों में किसी भी तरह की अनदेखी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल अस्पताल में भर्ती सभी महिला श्रमिकों के स्वास्थ्य पर डॉक्टरों की टीम लगातार नजर बनाए हुए है।