National News: सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ पर चर्चा में प्रियंका गांधी ने आपातकाल के बाद का किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी के चुनाव हारने के बाद स्कूल में एक बच्चे ने कहा था कि उनके चाचा जेल में हैं और चोर हैं, तो उसे थप्पड़ मार दिया था। राहुल गांधी ने वीडियो साझा किया है।
सोनिया गांधी की किताब 10 नवंबर को रिलीज हुई थी। इस किताब को लेकर देशभर में चर्चा हो रही है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया है। इस वीडियो में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी, मां सोनिया गांधी के साथ किताब पर चर्चा करते नजर आ रहे हैं।
प्रियंका गांधी ने सुनाया स्कूल का किस्सा
किताब पर चर्चा के दौरान प्रियंका गांधी ने आपातकाल के बाद के दौर का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि जब दादी इंदिरा गांधी चुनाव हार गई थीं, तब परिवार को दूसरे घर में जाना पड़ा था। उस वक्त माहौल में काफी तनाव था।
प्रियंका गांधी ने कहा कि स्कूल में एक बच्चा उनके पास आया और बोला, “तेरा चाचा जेल में है, चोर है तेरा चाचा।” इस पर उन्होंने उसे थप्पड़ मार दिया। वहीं राहुल गांधी ने बताया कि जब वह उस दिन स्कूल पहुंचे, तो उनके बगल में कोई नहीं बैठा था। वहां एक खाली जगह थी। वह सोच रहे थे कि बगल में कोई क्यों नहीं बैठा, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं कहा और चुप रह गए।
सोनिया गांधी ने लगाया सुरक्षा हटाने का आरोप
बातचीत के दौरान सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री और अपने पति राजीव गांधी की सुरक्षा हटाए जाने का मुद्दा भी उठाया। सोनिया गांधी ने आरोप लगाया कि राजीव गांधी की सुरक्षा जानबूझकर हटाई गई थी, जिससे उनकी हत्या करना आसान हो गया।
सोनिया गांधी ने बताया कि राजीव गांधी के पुराने दिनों को याद करते हुए बताया कि जब वे विपक्ष के नेता थे, तब कई बार खुली जीप में सफर करते थे। इस दौरान उन्हें विरोध प्रदर्शनों और पत्थरबाजी का सामना भी करना पड़ा था। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों की सरकार वाले राज्यों में राजीव गांधी के दौरों के दौरान उनकी सुरक्षा को लेकर काफी लापरवाही बरती गई थी। उन्होंने उस समय के एक दौरे को बेहद डरावना बताया।
सोनिया गांधी ने बताया कि एक दौरे पर राहुल गांधी भी अपने पिता के साथ गए थे। वहां उन्होंने पत्थरबाजी और लोगों का विरोध देखा था। घर लौटने के बाद राहुल ने अपनी मां से कहा था, “मम्मा, अगर हमने पापा की सुरक्षा के लिए कुछ नहीं किया, तो मुझे लगता है कि बहुत जल्द मुझे उनके अंतिम संस्कार के लिए वापस आना पड़ेगा।” सोनिया गांधी के मुताबिक, बिहार का दौरा उनकी चिंता की आखिरी वजह बना। उन्होंने बताया कि राजीव गांधी की सुरक्षा को लेकर वह पहले भी अपनी चिंता जता चुकी थीं, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया।
राहुल गांधी ने एक्स पर इस बातचीत का वीडियो साझा करते हुए कहा कि उनकी मां की किताब 500 से ज्यादा पन्नों की है, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कई ऐसी बातें छोड़ दी हैं, जिन्हें अभी बताया जाना बाकी है।