प्रधानमंत्री मोदी का संविधान दिवस पर लेख: हमारा संविधान देश का पथप्रदर्शक, जानें क्या कहा

Share

- Advertisement -

National News: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान दिवस पर लिखे अपने लेख में कहा है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने संविधान को अंगीकार किया था और आज का दिन देश के लिए पथप्रदर्शक संविधान को याद करने का है। उन्होंने कहा कि संविधान की गूंज संसद और अदालतों से आगे जन-जन तक पहुंचनी चाहिए।

प्रधानमंत्री ने लेख की शुरुआत में संविधान सभा के सदस्यों को याद किया है। उन्होंने कहा कि आज हम डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों का स्मरण करते हैं। उनकी महानता इस बात में थी कि उन्होंने एक आधुनिक संविधान के निर्माण में भारत की समृद्ध परंपराओं और हमारी सभ्यता के अनुभव को भरपूर स्थान दिया।

जन-जन तक पहुंचे संविधान की गूंज

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत जैसे विविधताओं से भरे देश में, जहां अनेक पंथ, भाषाएं, रीति-रिवाज और विचार परंपराएं हैं, वहां यह बहुत जरूरी है कि संविधान की गूंज संसद और अदालतों की चारदीवारी से कहीं आगे तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहा है कि जन-जन की चेतना से, विशेषकर युवाओं से संविधान का जुड़ाव और गहरा हो। इससे राष्ट्रीय एकता की भावना और मजबूत होगी, जो भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए बहुत जरूरी है। इसी सोच के साथ एक दशक पहले सरकार ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था।

संविधान से बदली करोड़ों की जिंदगी

प्रधानमंत्री ने लिखा है कि संविधान उनके और करोड़ों भारतीयों की जीवन यात्रा का अभिन्न हिस्सा है। उन्होंने कहा कि बचपन के साधारण हालात और जीवन के संघर्षों को याद करते हुए संविधान के प्रति उनका हृदय अपार कृतज्ञता से भर जाता है। एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाला बालक, जिसे विरासत में कोई विशेषाधिकार या सुविधा नहीं मिली, एक दिन दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा का दायित्व संभाल सकता है, यह संविधान की असाधारण शक्ति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि यह संविधान की ही देन है कि आज किसी व्यक्ति के जन्म की परिस्थितियां उसके भविष्य की सीमाएं तय नहीं करतीं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रख्यात संवैधानिक विशेषज्ञ ग्रैनविले ऑस्टिन ने संविधान को सबसे पहले एक सामाजिक दस्तावेज बताया था। सामाजिक और आर्थिक न्याय की भावना संविधान के मूल में समाहित है। उन्होंने कहा कि विश्व बैंक की हाल में आई एक रिपोर्ट बताती है कि भारत के करीब 50 करोड़ लोग अत्यंत गरीबी से बाहर निकले हैं। पीढ़ियों से चले आ रहे अभावों से मुक्ति पाकर आज करोड़ों माता-पिता अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के सपने देख पा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि जब प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से किसी परिवार को झोंपड़ी से निकलकर पक्के मकान में गृह प्रवेश का अवसर मिलता है, तब गरिमापूर्ण जीवन जीने का संवैधानिक संकल्प सही मायनों में साकार होता है। जब उज्ज्वला योजना किसी मां को धुएं से भरी रसोई की तकलीफ से मुक्ति दिलाती है, तब समानता और जनकल्याण के आदर्श आगे बढ़ते हैं। जब आयुष्मान भारत की वजह से किसी गरीब परिवार को कर्ज की चिंता किए बिना अच्छा इलाज मिलता है, तब सामाजिक न्याय का संकल्प साकार होता है। जब मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि के तहत छोटे उद्यमियों और रेहड़ी-पटरी वालों को बिना गारंटी के ऋण मिलता है, तब आर्थिक न्याय की संवैधानिक भावना जमीन पर उतरती है।

संविधान को कमजोर करने वाले मौके

प्रधानमंत्री ने लेख में एक और सच्चाई देशवासियों के साथ साझा की है। उन्होंने कहा कि इतिहास में ऐसे अवसर भी आए हैं, जब उन्हीं लोगों ने संविधान को कमजोर करने का रास्ता चुना, जिन पर इसकी रक्षा का दायित्व था। उन्होंने कहा कि विडंबना यह है कि ये वही लोग हैं, जिन्हें पांच दशकों तक देश की बागडोर संभालने का अवसर मिला।

उन्होंने कहा कि इस वर्ष 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन के 75 साल पूरे हो चुके हैं। उस समय देश में एक ऐसी सरकार थी, जिसे जनता ने चुनकर नहीं भेजा था। उस सरकार ने अंतरिम संसद में अपने बहुमत का इस्तेमाल करके नागरिकों की मौलिक आजादी छीन ली थी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह संशोधन देश के पहले आम चुनाव से कुछ ही महीने पहले किया गया था, जिससे साफ है कि इसका उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करना और लोगों के विरोध की आवाज को दबाना था। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन के भी 50 साल पूरे हो रहे हैं। इस संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्ति को सीमित किया और देश की संस्थाओं के बीच शक्तियों के संतुलन को बुनियादी रूप से बदल दिया। उन्होंने युवाओं से आग्रह किया कि वे 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का भी अध्ययन करें, ताकि वे समझ सकें कि सत्ता की लालची और संविधान-विरोधी सोच रखने वाली सरकार किस स्तर तक जा सकती है।

नक्सलवाद और विपक्ष पर निशाना

प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों तक देश के अनेक हिस्सों में, खासकर आदिवासी क्षेत्रों में, नक्सलियों ने बंदूक के दम पर सबसे गरीब व्यक्ति को उन अधिकारों से वंचित रखा, जो संविधान ने उसे दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस वर्ष नक्सलवाद के खात्मे से उन्हें विशेष संतोष मिला है। अब गरीब से गरीब व्यक्ति भी बिना किसी भय के अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल कर सकता है। उन्होंने कहा कि हथियारी नक्सली समाप्त होने के बाद अब केवल दिमागी नक्सली बचे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी ओबीसी आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है, जबकि संविधान निर्माता, विशेषकर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, इसके पूरी तरह खिलाफ थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान की यात्रा उन असाधारण महिलाओं के स्मरण के बिना भी अधूरी है, जिन्होंने इसे आकार देने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि इस साल के शुरू में जो हुआ, उसने हम सभी को शर्मसार कर दिया। नारीशक्ति को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक को विपक्ष के एक प्रमुख दल ने पारित नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि संवैधानिक लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका स्पष्ट रूप से तय है, लेकिन दुर्भाग्य से विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी आज विरोध पक्ष से ज्यादा अवरोध पक्ष बनती जा रही है। उसे समझना चाहिए कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना, अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियां निभाने का विकल्प कभी नहीं हो सकता।

2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत एक बेहद अहम मोड़ पर खड़ा है। वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के सामूहिक प्रयासों को दो सरल लेकिन शक्तिशाली मंत्र दिशा दे सकते हैं। उन्होंने कहा कि हमारी सोच में राष्ट्र प्रथम और हमारे हर कार्य में कर्तव्य भाव होना चाहिए। इन दो मंत्रों को अपना मार्गदर्शक बनाकर और संविधान से शक्ति लेते हुए हम आने वाली पीढ़ियों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित कर सकते हैं।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News