Pilibhit News: पहाड़ी और मैदानी इलाकों में जारी मूसलाधार बारिश के चलते उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। सोमवार शाम बनबसा बैराज से शारदा नदी में 1.43 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके बाद जिला प्रशासन और सिंचाई विभाग अलर्ट मोड पर आ गए हैं।
तटीय क्षेत्रों में बसे ग्रामीणों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं और बाढ़ चौकियों को चौबीसों घंटे निगरानी रखने को कहा गया है। वहीं लगातार बारिश और शहर भर में भारी जलभराव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार को कक्षा 1 से 8 तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।
देवहा नदी का जलस्तर बढ़ा, सरकारी दफ्तर जलमग्न
इसके साथ ही दियूनी बैराज से देवहा नदी में लगभग पांच हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिससे उसके जलस्तर में भी वृद्धि हुई है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है। बारिश से जिला सूचना कार्यालय, राजकीय पुस्तकालय और खेल मैदान पानी में पूरी तरह डूब गए हैं।
विकास भवन के दूसरे तल की छतों से पानी टपकने के कारण कार्य प्रभावित हुआ है। मूसलाधार बारिश से निचले इलाकों, खेतों और बस्तियों में जलजमाव हो गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी रुक-रुक कर बारिश जारी रहने का अनुमान जताया है, जिससे राहत मिलने की उम्मीद कम है।
