Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर गांव में रविवार को भारी बारिश के दौरान एक मकान अचानक ढह गया। इस भीषण हादसे में चार बच्चों समेत कुल पांच लोगों की मौत हो गई।
हादसे में पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
खाना खाते समय अचानक ढह गई छत
उप जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों में 75 वर्षीय बुजुर्ग इस्लाम, 11 साल की रुखसार, 7 साल की अलशिफा, 5 साल का अहद और 2 साल का मासूम जीशान शामिल हैं। मासूम बच्चों की मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
अधिकारियों के मुताबिक यह दुखद हादसा उस वक्त हुआ जब भारी बारिश के बीच परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर बैठकर खाना खा रहे थे। तभी अचानक जर्जर मकान की छत भरभराकर नीचे आ गिरी। पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।