New Delhi News: सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आरसीबी के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद अजहरुद्दीन ने असम के खिलाफ 37 गेंदों पर नौ छक्के और छह चौकों की मदद से नाबाद 93 रन ठोके। उनकी पारी से केरल ने 166 रन का लक्ष्य महज 12.3 ओवर में हासिल कर असम को नौ विकेट से हरा दिया।
आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन का आयोजन 16 दिसंबर को होना है। आईपीएल ऑक्शन से पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में आरसीबी के पूर्व खिलाड़ी ने बल्ले से कोहराम मचा दिया है। आरसीबी के पूर्व बल्लेबाज मोहम्मद अजहरुद्दीन ने असम के खिलाफ मैच में तूफानी अर्धशतक लगाया। मोहम्मद अजहरुद्दीन की इस पारी से केरल की टीम ने असम को नौ विकेट से हरा दिया।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मंगलवार को असम और केरल की टीम आमने-सामने हुई। असम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में पांच विकेट पर 165 रन बनाए। 166 रन के टारगेट को केरल की टीम ने मोहम्मद अजहरुद्दीन की पारी से महज 12.3 ओवर में हासिल कर लिया।
अजहरुद्दीन ने खेली 93 रन की नाबाद पारी
अजहरुद्दीन ने असम के खिलाफ 20 बॉल में अर्धशतक लगाया। उन्होंने 93 रन की नाबाद पारी खेली। उन्होंने सिर्फ 37 गेंदों का सामना किया और अपनी पारी में छह चौके, नौ छक्के लगाए। उन्होंने 251.35 की शानदार स्ट्राइक रेट के साथ यह रन बनाए।
आईपीएल ऑक्शन में होगी पैसे की बरसात
32 साल के अजहरुद्दीन आईपीएल 2021 में केवल एक सीजन आरसीबी का हिस्सा थे। हालांकि मोहम्मद अजहरुद्दीन को आईपीएल में डेब्यू का मौका नहीं मिल सका था। 2021 के बाद उन्हें आरसीबी ने रिलीज कर दिया। उसके बाद वह किसी भी टीम के लिए खेलते नजर नहीं आए। सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में इस पारी के बाद आईपीएल 2027 ऑक्शन में उन पर पैसे की बरसात हो सकती है।
केरल ने दर्ज की नौ विकेट से जीत
असम की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान डेनिश दास के 38 बॉल में नाबाद 49 रन की मदद से 165 रन बनाए। केरल की टीम ने मोहम्मद अजहरुद्दीन और रोहन कुन्नुम्मल (26 बॉल में 53 रन) की पारी से 13वें ओवर में ही जीत हासिल कर ली। संजू सैमसन 14 रन (13 बॉल) बनाकर नाबाद रहे।