Bhopal News: सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस उज्ज्वल भुयान ने देश में असहमति जताने और अलग विचार रखने के घटते स्पेस पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि भारत में शांतिपूर्ण प्रदर्शन और बोलने की आजादी जैसे फंडामेंटल राइट्स को सीमित किया जा रहा है। सामान्य गतिविधियों के लिए भी लोगों को अरेस्ट किया जा रहा है।
भोपाल स्थित नेशनल लॉ इंस्टीट्यूट यूनिवर्सिटी (एनलआईयू) में आयोजित ‘जस्टिस जी.पी. सिंह मेमोरियल लेक्चर’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कई उदाहरण दिए। उन्होंने कहा कि गंगा नदी में बोट पर चिकन बिरयानी खाने के मामले में युवाओं को अरेस्ट किया गया। उन्होंने साफ कहा कि गंगा पर चिकन खाने पर रोक का कोई कानून नहीं है।
चिकन बिरयानी खाने और ज़मानत की शर्तों पर उठाए सवाल
जस्टिस भुयान ने कहा, “मुझे पूरा यकीन है कि चिकन बिरयानी खाना कोई क्राइम नहीं है। इसके बावजूद युवाओं को तीन महीने जेल में रहना पड़ा। क्या ऐसी गतिविधियों के लिए लोगों को अरेस्ट किया जा सकता है?” उन्होंने अदालतों द्वारा ज़मानत देते समय लगाई जाने वाली सख्त शर्तों पर भी सवाल खड़े किए।
उन्होंने कहा कि कोर्ट्स ज़मानत देते समय पब्लिक मीटिंग में न जाने, सोशल मीडिया पर न लिखने या देश न छोड़ने जैसी शर्तें लगा देती हैं। यह शर्तें नागरिकों की मौलिक स्वतंत्रता को प्रभावित करती हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी कैंपस में प्रदर्शन करने वाले छात्रों के दमन और गाजा प्रदर्शन की अनुमति न मिलने का भी जिक्र किया।
न्यायमूर्ति भुयान ने जोर देकर कहा कि यूनिवर्सिटीज को क्रिटिकल थिंकिंग का सेंटर होना चाहिए। वहां सवाल पूछने पर सजा नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सेपरेशन ऑफ पावर्स का हवाला देते हुए कहा कि विधायिका, कार्यपालिका और न्यायपालिका का स्वतंत्र रूप से काम करना ही देश में लोकतंत्र के संतुलन के लिए बेहद जरूरी है।