असंतोष की आवाज दबाने से लोकतंत्र खत्म हो जाएगा, विरोध प्रदर्शन के अधिकार पर बोले पूर्व जस्टिस अभय एस ओका

Share

- Advertisement -

Mumbai News: सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश जस्टिस अभय एस ओका ने अभिव्यक्ति की आजादी और शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के अधिकार को लेकर महत्वपूर्ण विचार व्यक्त किए हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इसी तरह असहमति और विरोध की आवाजों को दबाती रही तो देश में लोकतंत्र का अस्तित्व ही खतरे में पड़ जाएगा।

जस्टिस ओका ने मुंबई के केसी कॉलेज ऑडिटोरियम में ‘एडवोकेट हारून सोल्कर मेमोरियल लेक्चर’ को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं। उन्होंने अदालतों से अपील की कि वे अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को दबाने वाले मामलों को खारिज करें और नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आएं।

याचिकाकर्ताओं को उपदेश देना अदालतों का काम नहीं

पूर्व चीफ जस्टिस ओका ने कहा कि जब नागरिकों के मौलिक अधिकार दांव पर हों, तो अदालतें प्रदर्शनकारियों द्वारा इस्तेमाल की गई भाषा का आकलन करने नहीं बैठ सकतीं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अदालतों का काम उपदेश देना नहीं है, बल्कि संविधान के तहत मिले अधिकारों की रक्षा करना उनका मुख्य कर्तव्य है।

अदालतों की जिम्मेदारी पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि न्यायपालिका को केवल यह देखना चाहिए कि क्या सच में कोई अपराध हुआ है या मौलिक अधिकारों का हनन हुआ है। यदि उल्लंघन साबित होता है, तो अदालत को बिना किसी देरी के राहत प्रदान करनी चाहिए।

संवैधानिक दायरे में शांतिपूर्ण विरोध का अधिकार

संविधान सभा की बहसों का संदर्भ देते हुए उन्होंने कहा कि संविधान निर्माताओं ने कभी ऐसे भारत की कल्पना नहीं की थी जहां नागरिकों की जायज मांगों को नजरअंदाज किया जाए। संवैधानिक दायरे में शांतिपूर्ण प्रदर्शन का अधिकार इसी व्यवस्था से निकलता है और इसके बिना लोकतंत्र जीवित नहीं रह सकता।

कार्यक्रम के दौरान एक छात्र द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने युवा पीढ़ी को संविधान पढ़ने और समझने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि नागरिकों से केवल वही बोलने की उम्मीद नहीं की जा सकती जो सरकार को पसंद हो, क्योंकि असहमति ही जीवंत लोकतंत्र की पहचान है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News