आईएनएस विंध्यगिरि भारतीय नौसेना को सौंपा गया, ब्रह्मोस और बराक-8 मिसाइलों से लैस युद्धपोत से बढ़ेगी समुद्री ताकत

Share

- Advertisement -

Kolkata News: कोलकाता की गार्डन रीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) ने प्रोजेक्ट 17ए का सातवां और अंतिम युद्धपोत आईएनएस विंध्यगिरि शुक्रवार को भारतीय नौसेना को सौंप दिया। इसके साथ नीलगिरि श्रेणी के सभी सात स्टील्थ फ्रिगेट नौसेना को मिल गए हैं। ब्रह्मोस और बराक-8 मिसाइलों से लैस यह युद्धपोत 75 प्रतिशत स्वदेशी तकनीक से बना है।

कोलकाता में 27 नवंबर को आयोजित समारोह में युद्धपोत को पूर्वी नौसेना कमान के रियर एडमिरल आरएस धालीवाल ने औपचारिक रूप से स्वीकार किया। जीआरएसई के अनुसार विंध्यगिरि प्रोजेक्ट 17ए के तहत उसी शिपयार्ड में बना तीसरा और अंतिम युद्धपोत है। इसके साथ जीआरएसई का तीन युद्धपोतों वाला कार्यक्रम पूरा हो गया। डुनागिरि के बाद आठ महीने से भी कम समय में यह दूसरा युद्धपोत सौंपा गया है।

ब्रह्मोस और बराक-8 से बढ़ेगी ताकत

विंध्यगिरि ब्रह्मोस एंटी-शिप और लैंड-अटैक क्रूज मिसाइलों तथा बराक-8 एंटी-एयरक्राफ्ट मिसाइलों से लैस है। इसमें स्टील्थ तकनीक, आधुनिक रडार और अत्याधुनिक युद्ध प्रबंधन प्रणाली लगाई गई है। यह युद्धपोत दुश्मन के जहाजों, लड़ाकू विमानों और पनडुब्बियों से मुकाबला कर सकता है। डीजल इंजन और गैस टर्बाइन से चलने वाला यह युद्धपोत 149 मीटर लंबा और 6,670 टन वजनी है। इस पर 225 जवानों के रहने की व्यवस्था है और हेलीकॉप्टर संचालन की सुविधा भी है।

75 प्रतिशत स्वदेशी तकनीक, हजारों को रोजगार

युद्धपोत की करीब 75 प्रतिशत तकनीक और उपकरण स्वदेशी हैं। इसके निर्माण में 200 से अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों ने हिस्सा लिया। इस परियोजना से करीब 4,000 लोगों को सीधा और 10,000 से अधिक लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार मिला है। करीब 45,000 करोड़ रुपये की इस परियोजना के सभी सात युद्धपोत 23 महीनों में सौंपे गए। विंध्यगिरि जीआरएसई द्वारा बनाया गया 811वां पोत और 121वां युद्धपोत है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 17 अगस्त 2023 को इसका जलावतरण किया था।

प्रोजेक्ट 17ए के बाद नौसेना अब प्रोजेक्ट 17बी के तहत सात अगली पीढ़ी के गाइडेड मिसाइल स्टील्थ फ्रिगेट बनाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए शिपयार्ड के चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है और इस परियोजना का ठेका 2028 में दिए जाने की संभावना है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News