Agartala News: शंघाई से कोलकाता जा रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट की मंगलवार को अगरतला एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उड़ान के दौरान एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ने के बाद यह कदम उठाया गया। यात्री को अस्पताल में करीब दो घंटे के उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जिसके बाद विमान कोलकाता के लिए रवाना हुआ।
शंघाई से कोलकाता आ रही इंडिगो एयरलाइंस की एक फ्लाइट में सफर के दौरान एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पायलट और क्रू ने तत्काल विमान की अगरतला एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराने का फैसला किया।
एयरपोर्ट पर उतरने के बाद यात्री को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पायलट और क्रू के समय पर लिए गए इस निर्णय से यात्री को समय रहते चिकित्सा सहायता मिल सकी।
करीब दो घंटे तक अगरतला एयरपोर्ट पर रुका रहा विमान
एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एयरपोर्ट पर प्राथमिक उपचार देने के बाद यात्री को बेहतर इलाज के लिए शहर के आईएलएस (ILS) अस्पताल भेजा गया।
अस्पताल में करीब दो घंटे तक चले इलाज के बाद यात्री की स्थिति में सुधार हुआ और उसे छुट्टी (डिस्चार्ज) दे दी गई। इस पूरी प्रक्रिया के दौरान शंघाई से आई इंडिगो की यह फ्लाइट अगरतला एयरपोर्ट पर ही रुकी रही। यात्री के वापस लौटने के बाद फ्लाइट ने उसी यात्री के साथ कोलकाता के लिए उड़ान भरी।