गेंद चमकाने के लिए लार की इजाजत नहीं, ICC ने खारिज की कप्तान शुभमन गिल की मांग

Share

- Advertisement -

Cricket News: भारतीय कप्तान शुभमन गिल की गेंद पर सलाइवा लगाने की अनुमति देने की मांग को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने खारिज कर दिया है। ICC फिलहाल गेंद पर लार लगाने से जुड़े प्रतिबंध की समीक्षा करने के मूड में नहीं है और उसका मानना है कि इस नियम के पीछे स्वास्थ्य और क्रिकेट से जुड़े ठोस कारण हैं।

दरअसल, न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंगटन में खेला गया पहला टेस्ट ड्रॉ रहा था। बल्लेबाजों के लिए मददगार पिच पर भारतीय गेंदबाज न्यूजीलैंड की दूसरी पारी के सभी विकेट नहीं निकाल सके। इस दौरान गिल ने कूकाबूरा गेंद को लेकर सवाल उठाए थे और कहा था कि यह गेंद बहुत जल्दी नरम पड़ जाती है। ऐसे में अगर गेंद को चमकाने के लिए खिलाड़ियों को सलाइवा इस्तेमाल करने की अनुमति मिलती तो गेंदबाजों को मदद मिल सकती थी।

कोविड के बाद लगा था प्रतिबंध

गेंद पर सलाइवा लगाने पर प्रतिबंध पहली बार साल 2020 में कोविड-19 महामारी के दौरान लगाया गया था। इसका मकसद खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों को संक्रमण के खतरे से बचाना था। शुरुआत में यह अस्थायी फैसला था, लेकिन कुछ साल बाद ICC ने इसे अपनी खेल परिस्थितियों में स्थायी रूप से शामिल कर लिया। यह फैसला मेरिलबोन क्रिकेट क्लब के क्रिकेट कानूनों के अनुरूप भी था, जिसके तहत गेंद की स्थिति को अनुचित तरीके से बदलने के अन्य तरीकों की तरह सलाइवा का इस्तेमाल भी प्रतिबंधित है।

ICC का मानना है कि सलाइवा के साथ मिठाई, च्यूइंग गम या मिंट जैसी चीजों का इस्तेमाल करके गेंद की स्थिति में बड़ा बदलाव किया जा सकता है। ऐसे में इस नियम की निगरानी करना और इसके दुरुपयोग को रोकना मुश्किल हो सकता है।

स्वास्थ्य का खतरा भी ICC की चिंता

ICC के रुख के पीछे स्वास्थ्य संबंधी चिंताएं भी हैं। उसका मानना है कि सलाइवा के इस्तेमाल से खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के लिए संक्रमण का जोखिम बना रह सकता है। यूरोपियन सेंटर फॉर डिजीज प्रिवेंशन एंड कंट्रोल के मुताबिक, SARS-CoV-2 के नए उभरते वैरिएंट अब भी दुनियाभर में स्वास्थ्य के लिए खतरा बने हुए हैं।

दिलचस्प बात यह है कि इस महीने की शुरुआत में बाली में हुई ICC की बैठकों में सलाइवा प्रतिबंध का मुद्दा उठा ही नहीं था। भविष्य में अगर खेल परिस्थितियों में इस संबंध में कोई बदलाव करना है तो किसी सदस्य देश को संबंधित ICC समिति के सामने प्रस्ताव रखना होगा और समिति में विचार के बाद ही इसे अंतिम फैसले के लिए ICC बोर्ड के पास भेजा जा सकता है।

गिल ने उठाया था प्रतिबंध हटाने का सवाल

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट ड्रॉ होने के बाद शुभमन गिल ने इस प्रतिबंध पर नाराजगी जाहिर की थी। उन्होंने कहा था कि कोविड महामारी का दौर बीत चुका है, इसके बावजूद खिलाड़ियों को गेंद पर सलाइवा लगाने की अनुमति नहीं मिल रही है। गिल ने कहा था कि उन्हें समझ नहीं आता कि हमें अब तक गेंद चमकाने के लिए सलाइवा इस्तेमाल करने की अनुमति क्यों नहीं मिली है और यह नियम कब तक जारी रहेगा।

हालांकि, घरेलू टूर्नामेंट होने के कारण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग में इस प्रतिबंध को पहले ही हटा दिया था। IPL 2025 से खिलाड़ियों को गेंद चमकाने के लिए सलाइवा के इस्तेमाल की अनुमति दे दी गई थी। इस तरह IPL में गेंदबाजों को यह छूट मिल चुकी है, लेकिन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में ICC फिलहाल इस नियम को बदलने के लिए तैयार नहीं है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News