Bhopal News: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से विधानसभा में आगर-मालवा और जबलपुर के मेधावी छात्रों ने मुलाकात की। मानसून सत्र की कार्यवाही देखने आए इन विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री से बातचीत की। इस दौरान सीएम ने कहा कि हमारे छात्र ही देश के उज्ज्वल भविष्य के असली निर्माता हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था से जोड़ना बेहद जरूरी है। विधानसभा ऐसा स्थान है जहां नियम-कानून बनने और संसदीय परंपराओं को आसानी से समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के संपूर्ण विकास में युवाओं की सीधी भागीदारी बढ़ाने के लिए निरंतर काम कर रही है।
विधानसभा परिसर के समिति कक्ष में हुआ संवाद
यह संवाद विधानसभा स्थित समिति कक्ष-1 में आयोजित किया गया। इसमें आगर-मालवा जिले के 50 से अधिक मेधावी छात्र शामिल हुए। इसके साथ ही जबलपुर के स्टेम फील्ड इंटरनेशनल स्कूल के 40 विद्यार्थियों ने भी मुख्यमंत्री से मुलाकात की। सीएम ने सभी बच्चों से उनके अनुभवों के बारे में आत्मीयता से पूछा।
विद्यार्थियों ने बताया कि पहली बार सदन की लाइव कार्यवाही देखना बेहद रोमांचक रहा। इससे उन्हें संसदीय लोकतंत्र और शासन की कार्यप्रणाली को करीब से समझने का मौका मिला। मुख्यमंत्री ने छात्रों की प्रतिभा, रचनात्मकता और नए विचारों की तारीफ की। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना भी की।
स्थानीय विधायकों के मार्गदर्शन में पहुंचे थे छात्र
आगर के विधायक माधव सिंह (मधु गहलोत) और जबलपुर कैंट विधायक अशोक रोहाणी के मार्गदर्शन में यह दौरा आयोजित हुआ था। भोपाल पहुंचे इन स्कूली विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा दिखाते हुए मुख्यमंत्री को खुद से तैयार किए गए सुंदर मॉडल और आकर्षक सीनरीज़ भी उपहार में भेंट कीं।