बेंगलुरु में दहेज प्रताड़ना से तंग आकर महिला टीचर ने की आत्महत्या, पुलिस ने पति और ससुर को भेजा जेल

Share

- Advertisement -

Bengaluru News: बेंगलुरु के कलासिपाल्या इलाके में एक 31 वर्षीय महिला शिक्षिका ने कथित तौर पर खुदकुशी कर ली। मृतका की पहचान मैमुन्निसा के रूप में हुई है, जो एक प्राइवेट स्कूल में पार्ट-टाइम टीचर थीं। पुलिस ने पीड़िता के पिता की शिकायत पर पति जुनैद और ससुर नजीर अहमद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार मैमुन्निसा और 28 वर्षीय जुनैद के बीच प्रेम संबंध थे। दोनों ने अपने परिवारों को इस रिश्ते के लिए राजी किया था। इसके बाद 19 जनवरी 2024 को दोनों का निकाह हुआ। जुनैद बेंगलुरु के डोड्डामावल्ली इलाके का रहने वाला है और एक फैक्ट्री में डिजाइनर के तौर पर काम करता है।

निकाह के समय मैमुन्निसा के परिवार ने अपनी हैसियत के अनुसार दहेज दिया था। उन्होंने जुनैद को 45 ग्राम सोने के जेवर, एक ब्रांडेड घड़ी और एक स्कूटर दिया था। मृतका के पिता सैयद खालिद ने बताया कि शादी के शुरुआती दिनों में जुनैद ने उनकी बेटी को ठीक से रखा, लेकिन बाद में उसका व्यवहार बदल गया।

पति जबरन छीन लेता था शिक्षिका की सैलरी

पिता का आरोप है कि जुनैद न सिर्फ मैमुन्निसा को दहेज के लिए मारता-पीटता था, बल्कि स्कूल से मिलने वाली उसकी सैलरी भी जबरन छीन लेता था। शिकायत के मुताबिक जुनैद के पिता नजीर अहमद भी इस जुल्म में बराबर के शरीक थे। वह मैमुन्निसा को गंदी गालियां देते थे और मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे।

ससुर नजीर अहमद मृतका को मायके से और ज्यादा कैश व दहेज लाने के लिए लगातार प्रताड़ित करते थे। मैमुन्निसा ने अपने ससुराल में हो रहे इस जुल्म के बारे में कई बार अपने मायके वालों को रोते हुए बताया था। इसके बाद 17 जुलाई की तड़के करीब 2:30 बजे एक चौंकाने वाली घटना घटी।

अस्पताल के मुर्दाघर में मिली बेटी की लाश

सैयद खालिद ने बताया कि दामाद जुनैद ने उन्हें फोन किया और बिना कुछ साफ बताए तुरंत विक्टोरिया अस्पताल पहुंचने को कहा। जब बदहवास पिता अस्पताल पहुंचे, तो उन्हें सीधे मुर्दाघर ले जाया गया। वहां उनकी बेटी की लाश पड़ी थी। जुनैद ने बताया कि मैमुन्निसा ने फंदे से लटककर जान दे दी है।

बेटी को खोने के बाद पिता सैयद खालिद ने इस खुदकुशी के लिए दामाद जुनैद और समधी नजीर अहमद को जिम्मेदार ठहराया। पिता की तहरीर पर कलासिपाल्या पुलिस स्टेशन ने दोनों आरोपियों के खिलाफ दहेज हत्या और प्रताड़ना की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों को जेल भेज दिया है।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News