बीजेपी को दाएं-बाएं से पकड़ने वाला चाहिए, अकाली दल से गठबंधन पर अखिलेश यादव का तंज

Share

- Advertisement -

National News: समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पंजाब में बीजेपी और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन पर तंज कसा है। लखनऊ में उन्होंने कहा कि केंद्र में 10-12 साल सत्ता में रहने के बाद भी बीजेपी अपने दम पर चुनाव लड़ने लायक मजबूत नहीं हो पाई। उन्होंने पूछा कि उसे कितनी बैसाखियों की जरूरत पड़ेगी।

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए शिरोमणि अकाली दल के साथ गठबंधन को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। लखनऊ में मंगलवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने सवाल उठाया कि जब बीजेपी को पंजाब में चुनाव लड़ने के लिए अकाली दल का साथ चाहिए, तो उत्तर प्रदेश में उसे कितनी बैसाखियों की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा कि बीजेपी को दाएं से पकड़ने वाला, बाएं से सहारा देने वाला, पीछे से संभालने वाला और आगे से थामने वाला चाहिए। आखिर उसे कितने गठबंधनों की जरूरत है?

अमित शाह से मुलाकात के बाद हुआ ऐलान

अखिलेश यादव का यह बयान ऐसे समय आया है, जब बीजेपी और अकाली दल ने पंजाब में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए फिर से हाथ मिला लिया है। मंगलवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने दिल्ली में मुलाकात की। इसके बाद दोनों दलों ने गठबंधन का औपचारिक ऐलान किया। इस गठबंधन का मकसद पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी और कांग्रेस का मुकाबला करना है।

इस दौरान अमित शाह ने कहा कि बीजेपी और अकाली दल ने पंजाब विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने का फैसला किया है। अकाली दल मंगलवार से ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन में शामिल हो रहा है। शाह ने इसे गुरु पर्व के मौके पर एक अच्छा अवसर बताते हुए कहा कि अकाली दल उनके सबसे पुराने सहयोगियों में से एक है और उसकी एनडीए में वापसी हो रही है।

2020 में टूटा था गठबंधन

बीजेपी और अकाली दल का गठबंधन काफी पुराना रहा है। दोनों दलों ने कई चुनाव साथ लड़े, लेकिन 2020 में केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों को लेकर उनके रिश्ते टूट गए थे। अकाली दल ने इन कानूनों को लाने के विरोध में एनडीए से नाता तोड़ लिया था। बाद में केंद्र सरकार ने तीनों कृषि कानून वापस ले लिए, लेकिन इसके बावजूद दोनों दलों ने 2022 का पंजाब विधानसभा चुनाव अलग-अलग लड़ा। अब करीब 6 साल बाद दोनों पार्टियां फिर साथ आई हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अकाली दल की एनडीए में वापसी का स्वागत किया है। उन्होंने बीजेपी और अकाली दल की साझेदारी को स्वाभाविक गठबंधन बताते हुए कहा कि दोनों दल पंजाब और वहां के लोगों के कल्याण को प्राथमिकता देंगे।

गठबंधन का पिछला प्रदर्शन

पंजाब में बीजेपी और अकाली दल का चुनावी प्रदर्शन देखें तो 2007 और 2012 में गठबंधन ने अच्छा प्रदर्शन किया था। 2007 के विधानसभा चुनाव में अकाली दल ने 48 और बीजेपी ने 19 सीटें जीती थीं। दोनों के खाते में कुल 67 सीटें आई थीं। वहीं, 2012 के चुनाव में अकाली दल ने 56 और बीजेपी ने 12 सीटें जीतीं। इस तरह गठबंधन को कुल 68 सीटें मिली थीं।

हालांकि, इसके बाद दोनों दलों का प्रदर्शन लगातार कमजोर होता गया। 2017 के चुनाव में अकाली दल 15 सीटों पर सिमट गया, जबकि बीजेपी को सिर्फ तीन सीटें मिलीं। इस चुनाव में कांग्रेस ने 77 और आम आदमी पार्टी ने 20 सीटें जीती थीं। 2022 में अकाली दल का प्रदर्शन और गिरा तथा उसे केवल तीन सीटें मिलीं। बीजेपी भी 2 सीटों पर रह गई। कांग्रेस को 18 सीटें मिलीं, जबकि आम आदमी पार्टी ने 92 सीटों के साथ बड़ी जीत दर्ज की।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News