Baghpat News: उत्तर प्रदेश पुलिस के विशेष कार्यबल और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 50 हजार का इनामी बदमाश विपुल उर्फ खूनी मुठभेड़ में मारा गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी है।
बागपत के पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार राय ने बताया कि सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान विपुल को गोली लगी। उसे तत्काल अस्पताल भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई ।
3 दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमों में शामिल था विपुल
पुलिस के अनुसार विपुल के कब्जे से 2 अवैध पिस्टल, भारी मात्रा में खोखा, कारतूस और अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की गई है। विपुल कुख्यात सुशील मूंछ गिरोह का सक्रिय सदस्य और शार्प शूटर था।
उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, रंगदारी और गैंगस्टर एक्ट समेत 3 दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज थे। शामली पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था।
कई चर्चित हत्याकांडों से जुड़ा था इनामी का नाम
एसटीएफ मेरठ के अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि विपुल शामली जिले के भभीसा गांव का निवासी था। वर्ष 2014 के चर्चित बदमाश भीम भभीसा हत्याकांड में उसका नाम आया था।
वर्ष 2017 में सहारनपुर के मानपुर गांव की महिला प्रधान की हत्या में भी वह शामिल था। वह पवन हत्याकांड में जमानत पर बाहर था, लेकिन लगातार अदालत में अनुपस्थित चल रहा था ।
मुकदमे के वादी को जान से मारने की दी थी धमकी
हाल ही में मुकदमे के वादी से रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी देने पर उसके खिलाफ कांधला थाने में केस दर्ज हुआ था। इसी के बाद शामली पुलिस ने उस पर इनाम रखा था।
पुलिस ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस एनकाउंटर को यूपी पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है ।