हिमाचल प्रदेश: ऊना में दिवाली की रात खूनी संघर्ष, पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद में थार से कुचलकर पति-पत्नी की हत्या

Share

- Advertisement -

Una, Himachal Pradesh: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बदोली गांव में दिवाली की रात पटाखे जलाने को लेकर उपजे विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प और थार गाड़ी से कुचलने की घटना में पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए हैं। इस सनसनीखेज घटना के बाद क्षेत्रीय अस्पताल में भारी हंगामा हुआ, जिसके चलते पुलिस बल तैनात करना पड़ा।

पटाखे जलाने के विवाद में हुआ खूनी संघर्ष

पुलिस के अनुसार, घटना ऊना जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर बदोली गांव की है। 8 नवंबर की रात को केशव ठाकुर अपने परिवार के साथ घर के आंगन में पटाखे चला रहा था। इसी दौरान पड़ोसी परमजीत, फतेह सिंह, अनु, तेजस्वीर सिंह और ओंकार सिंह के साथ पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी शुरू हो गई।

शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने पर परमजीत ने कथित तौर पर केशव ठाकुर के सिर पर दराट से हमला कर दिया, जबकि ओंकार सिंह ने उसके पिता जरनैल सिंह के साथ मारपीट की। इसके बाद स्थिति पूरी तरह बेकाबू हो गई और आरोप है कि जरनैल सिंह उर्फ जैला ने थार गाड़ी से ओंकार सिंह, उसकी पत्नी वीना और सुषमा देवी को टक्कर मार दी।

क्रॉस केस दर्ज, अस्पताल में हुआ हंगामा

दूसरे पक्ष के अजमेर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि रात करीब 9:30 बजे जरनैल सिंह और उसका बेटा केशव थार गाड़ी लेकर उनके घर के गेट के बाहर पहुंचे और जान से मारने की नीयत से तेज रफ्तार गाड़ी परिवार के सदस्यों पर चढ़ा दी। इस घटना में अजमेर सिंह, उनकी पत्नी सुषमा, बेटा ओंकार सिंह और बहू वीना देवी गंभीर रूप से घायल हो गए।

सभी घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने ओंकार सिंह और उनकी पत्नी वीना देवी को मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद ऊना अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ, स्थिति को संभालने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलानी पड़ी। आरोपी पक्ष के एक घायल व्यक्ति को भी उपचार के बाद आगे के इलाज के लिए पीजीआई (PGI) रेफर किया गया है।

पुलिस प्रशासन और एसपी की कार्रवाई

ऊना के पुलिस अधीक्षक (SP) सचिन हीरेमठ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बदोली गांव में दो पक्षों के बीच हुई मारपीट और वाहन से कुचलने की घटना में दो लोगों की मौत हुई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर क्रॉस अभियोग दर्ज कर लिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

घटना के बाद सोमवार सुबह से ही बदोली गांव और आसपास के इलाकों में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। एहतियात के तौर पर घटनास्थल से एक किलोमीटर पहले ही रास्तों पर नाकेबंदी कर दी गई है और गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई है। अंब-ऊना नेशनल हाईवे से करीब पांच किलोमीटर अंदर बसे इस गांव में पुलिस बल तैनात है और दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News