Solan News: हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के नालागढ़ में दो जिंदा ग्रेनेड मिलने से भारी दहशत फैल गई है। माजरा-दियोली क्षेत्र में विवाद की जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी रशीद मोहम्मद और उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। बम निरोधक दस्ते ने दोनों ग्रेनेड को सुरक्षित रूप से डिफ्यूज कर दिया।
घर और खेत से बरामद हुए दो ग्रेनेड
पुलिस जांच के दौरान मुख्य आरोपी के मकान के पास खेत से दूसरा ग्रेनेड बरामद हुआ। इससे पहले मंगलवार को एक घर के पास पहला विस्फोटक मिला था। दोनों हथगोले मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए। बम निरोधक दस्ते ने सुरक्षा मानकों के तहत सुनसान इलाके में इन्हें नष्ट कर दिया।
आरोपी पति-पत्नी गिरफ्तार, इलाके में तलाशी अभियान
पुलिस ने आरोपी रशीद मोहम्मद उर्फ बाऊ और उसकी पत्नी किरना को हिरासत में ले लिया है। दोनों से कड़ी पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा बलों ने आरोपी के घर और आसपास के पूरे इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया, हालांकि सर्च ऑपरेशन में कोई अन्य आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है।
मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित
केस की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी नालागढ़ के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। टीम यह पता लगा रही है कि यह विस्फोटक सामग्री कहां से आई और इसे किस मकसद से छिपाया गया था। नालागढ़ थाने में आर्म्स एक्ट और विस्फोटक कानून के तहत केस दर्ज हुआ है।