Solan News: नालागढ़-रामशहर-शिमला मार्ग पर कुमारहट्टी के पास भारी लैंडस्लाइड से सड़क का बड़ा हिस्सा 15 फुट नीचे धंस गया है। इस कारण 26 रूट बंद हो गए हैं और दर्जनों पंचायतों का संपर्क टूट चुका है। चिकनी खड्ड का बहाव रुकने से वहां विशाल झील बन गई है, जिससे बाढ़ का गंभीर संकट है।
सड़क पर जगह-जगह चौड़ी दरारें आने से वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। पिछले साल भी छह अगस्त को यह सड़क इसी स्थान पर धंस गई थी। खतरे को देखते हुए प्रशासन ने तुरंत एनडीआरएफ की टीम तैनात कर दी है। सुरक्षा के लिहाज से पास के एक रिहायशी मकान को भी खाली करा लिया गया है।
चिकनी खड्ड में बनी प्राकृतिक झील से गंभीर खतरा
एसडीएम नरेंद्र आहलुवालिया ने बताया कि कुमारहट्टी-मित्तियां मार्ग पर भूस्खलन के मलबे से चिकनी खड्ड का बहाव पूरी तरह रुक गया है। इससे बनी झील का तटबंध टूटने पर निचले इलाकों में अचानक बाढ़ आ सकती है। प्रशासन ने लोगों को खड्ड और तटीय इलाकों से दूर रहने तथा सतर्क रहने की सख्त हिदायत दी है।
विधायक हरदीप बावा और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों का जायजा लिया। पीडब्ल्यूडी विभाग ने मशीनों से पेवर ब्लॉक हटाने और सड़क समतल करने का काम शुरू कर दिया है। यात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रभावित क्षेत्र के दोनों ओर से बसों के जरिए ट्रांसमिट सुविधा शुरू की जा रही है।
रास्ता बंद होने से छब्बी रूट ठप, लोग परेशान
मार्ग बंद होने से रामशहर तहसील की करीब दो दर्जन पंचायतों का मुख्य संपर्क कट गया है। क्वारनी, मित्तियां, जांड़ू, दिग्गल और शिमला की ओर जाने वाली बस सेवाएं रुक गई हैं। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों से इस खतरनाक मार्ग पर न जाने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत नियंत्रण कक्ष से संपर्क करने की अपील की है।