Shimla News: सोलन में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई विवादित टिप्पणी पर भाजपा ने कड़ा पलटवार किया है। प्रदेश भाजपा मुख्य प्रवक्ता व सुंदरनगर विधायक राकेश जम्वाल ने कहा कि यह बयानबाजी कांग्रेस की राजनीतिक हताशा और वैचारिक दिवालिएपन का प्रत्यक्ष प्रमाण है।
संवैधानिक पद की गरिमा को ठेस पहुंचाना देशवासियों का अपमान
शिमला से बयान जारी करते हुए राकेश जम्वाल ने कहा कि नरेंद्र मोदी केवल भाजपा के नेता नहीं, बल्कि देश के प्रधानमंत्री हैं। उनके खिलाफ अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल करोड़ों देशवासियों के जनादेश का खुला अपमान है। जब विपक्ष के पास केंद्र सरकार की जनहितैषी नीतियों का जवाब नहीं होता, तब वे अमर्यादित बयानों पर उतर आते हैं।
विधायक ने कहा कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र की आत्मा है, लेकिन भाषा की सीमाएं लांघना कतई स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को अमर्यादित शब्द ढूंढने के बजाय इस बात पर आत्ममंथन करना चाहिए कि देश की जनता ने उनकी नीतियों को बार-बार क्यों नकारा है। विफलताओं को छिपाने के लिए कीचड़ उछाला जा रहा है।
झूठी चुनावी गारंटियों पर मुंह छिपा रही प्रदेश की कांग्रेस सरकार
जम्वाल ने सुक्खू सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने विधानसभा चुनाव में जनता को झूठी गारंटियों के जाल में फंसाया था। महिलाओं को हर महीने पंद्रह सौ रुपये देने का वादा आज तक अधूरा है। जब जनता वादों पर सवाल पूछती है, तो ध्यान भटकाने के लिए प्रधानमंत्री पर अनर्गल बयानबाजी की जाती है।