Shimla News: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शिमला में मीडिया से बात करते हुए विपक्ष पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जल्द ही भाजपा के खिलाफ तथ्यों पर आधारित श्वेत पत्र लाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को बदनाम करने के लिए सोशल मीडिया पर अभियान चलाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा की चार्जशीट कमेटी में वे लोग शामिल हैं, जिन पर पहले खुद पार्टी ने आरोप लगाए थे। अपनी संपत्ति पर सफाई देते हुए उन्होंने कहा कि 20 साल पहले 14 लाख रुपये में खरीदे गए प्लॉट की कीमत आज बढ़कर 2 करोड़ रुपये हुई है, जिसे एडीआर रिपोर्ट में गलत तरीके से दिखाया गया।
हिमाचल के हक की लड़ाई के लिए दिल्ली जाएं भाजपा नेता
सीएम ने कहा कि भाजपा नेता दिल्ली जाने से बचते हैं और अगर जाते भी हैं तो राज्य के हितों को नुकसान पहुंचाते हैं। संविधान के तहत 1952 से मिलने वाली राजस्व घाटा अनुदान (RDG) राशि बंद होने से हिमाचल को हर साल 8 से 10 हजार करोड़ रुपये का भारी नुकसान हो रहा है।
सुक्खू ने बताया कि केंद्र द्वारा आपदा राहत के लिए घोषित 1,500 करोड़ रुपये के पैकेज को जारी करवाने के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है। यदि यह राहत राशि जल्द नहीं मिलती है, तो प्रदेश सरकार की ओर से केंद्र को दोबारा पत्र भेजा जाएगा।
पारदर्शी भर्तियों और प्रशासनिक सुधारों पर दिया जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब पेपर लीक बंद हो चुके हैं और युवाओं को पारदर्शी तरीके से नौकरियां मिल रही हैं। हाल ही में जेबीटी, लेक्चरर और स्टाफ नर्स भर्ती के परिणाम घोषित हुए हैं। योग्य उम्मीदवारों के चयन के कारण इन सभी परीक्षाओं की मेरिट 70 से 80 फीसदी तक पहुंची है।
प्रशासनिक खर्च घटाने के मुद्दे पर सीएम ने दोहराया कि आईएएस कैडर को 153 से 130 करने के साथ आईपीएस और आईएफएस कैडर को भी कम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य में अतिरिक्त अधिकारियों की आवश्यकता नहीं है और इस बचत से प्रदेश को आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी।