शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल 2026 में बच्चों ने भरी उड़ान, 29 नवंबर को होगी साइक्लोथॉन

Share

- Advertisement -

Shimla News: शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल-2026 में सुख आश्रम के 26 बच्चों ने पैराग्लाइडिंग का अनुभव लिया। आयोजन में नशा विरोधी जागरूकता संदेश के साथ 29 नवंबर को साइक्लोथॉन भी प्रस्तावित है। इसके लिए 15 वर्षीय जगदंबा पिंजौर से साइकिल चलाकर जुंगा पहुंचे हैं।

शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल-2026 रोमांच और साहसिक गतिविधियों के साथ सामाजिक समावेशिता, युवा उत्साह और नशा विरोधी जागरूकता का संदेश भी दे रहा है। पैराग्लाइडिंग और अन्य गतिविधियों के बीच यह आयोजन बच्चों, पर्यटकों और युवाओं के लिए यादगार अनुभव बन रहा है।

सुख आश्रम के 26 बच्चों को विशेष रूप से फ्लाइंग फेस्टिवल में आमंत्रित किया गया। बच्चों ने फेस्टिवल के माहौल का आनंद लेने के साथ पैराग्लाइडिंग का अनुभव भी लिया। कई बच्चों के लिए आसमान में उड़ान भरने का यह पहला और यादगार अनुभव रहा। बच्चों ने इस अवसर के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया, जबकि फेस्टिवल में युवाओं का उत्साह भी दिख रहा है।

नशा विरोधी जागरूकता और सुरक्षा इंतजाम

फ्लाइंग फेस्टिवल में मनोरंजन और रोमांच के साथ सामाजिक जागरूकता को भी स्थान दिया गया है। रेडियो, टीवी और थिएटर कलाकार तरुणा मिश्रा ने एंटी-चिट्टा जागरूकता और काउंसलिंग वीडियो प्रदर्शित किया।

उन्होंने युवाओं को सिंथेटिक नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया। फेस्टिवल में तरुणा मिश्रा का लिखा एंटी-चिट्टा जागरूकता और काउंसलिंग गीत भी बजाया गया। वह विभिन्न टीवी सीरियल और टीवी फिल्मों में काम कर चुकी हैं। आयोजन स्थल पर एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग और पुलिस विभाग की टीमें मौजूद रहीं।

29 नवंबर को साइक्लोथॉन और पर्यटकों की भागीदारी

फ्लाइंग फेस्टिवल के सीईओ अरुण रावत ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सरकारी विभागों और एजेंसियों का आभार जताया। उन्होंने बताया कि शिमला फ्लाइंग फेस्टिवल में 29 नवंबर को साइक्लोथॉन का आयोजन प्रस्तावित है। आयोजकों ने लोगों और युवाओं से इसमें बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।

पिंजौर के रहने वाले नौवीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र मास्टर जगदंबा ने साइकिल से पिंजौर से जुंगा तक का सफर तय किया। वह 29 नवंबर को प्रस्तावित साइक्लोथॉन में हिस्सा लेने के लिए साइकिल चलाकर जुंगा पहुंचे। आयोजकों ने उनके उत्साह, मेहनत और सहभागिता की भावना की सराहना की है। फेस्टिवल में पर्यटकों की भागीदारी भी उत्साहजनक रही और 25 व 26 नवंबर को करीब 100 पर्यटकों ने नि:शुल्क पैराग्लाइडिंग उड़ान का आनंद लिया।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News