Shahpur News: हिमाचल प्रदेश में भारी मानसून को देखते हुए शाहपुर उपमंडल में प्रशासन ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में रैत ब्लॉक कार्यालय के समिति हॉल में उपमंडल स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि मानसून के दौरान किसी भी प्राकृतिक आपदा या आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग 24 घंटे सतर्क रहें।
संवेदनशील स्थानों पर जेसीबी और मशीनरी तैनात रखने के निर्देश
विधायक केवल सिंह पठानिया ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को खास हिदायत दी कि भारी बारिश के बावजूद क्षेत्र की सड़कें बंद नहीं होनी चाहिए। उन्होंने भूस्खलन संभावित और संवेदनशील जगहों पर जेसीबी मशीनें पहले से तैनात रखने के आदेश दिए।
उन्होंने कहा कि रास्ता बंद होते ही त्वरित कार्रवाई कर उसे तुरंत खोला जाए ताकि आम जनता को कोई परेशानी न हो। प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और आपदा प्रबंधन टीमों को अलर्ट पर रखा गया है ताकि किसी भी स्थिति पर काबू पाया जा सके।