Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश से आफत जारी है। सैंज घाटी के शलवाड़ गांव के पीछे शलवाड़ नाले के पास भारी भूस्खलन हुआ। इससे संभावित आपदा का खतरा बढ़ गया है। एसडीआरएफ टीम ने क्षेत्र का विस्तृत निरीक्षण किया। टीम ने ग्रामीणों को अलर्ट जारी किया है।
एसडीआरएफ ने चेतावनी दी कि भविष्य में शलवाड़ नाले में बादल फटने जैसी घटना हुई तो गांव और आसपास में फ्लैश फ्लड का खतरा पैदा हो सकता है। भारी मलबा और चट्टानों के बहाव से गंभीर स्थिति बन सकती है। गांव व आसपास के क्षेत्र में तबाही मचने का डर है। लोगों को खास एहतियात बरतने की सलाह दी गई।
निरीक्षण के दौरान एसडीआरएफ ने पाया कि नाले के आसपास की पहाड़ी काफी अस्थिर और संवेदनशील हो चुकी है। टीम ने ग्रामीणों के साथ बैठक की। मानसून के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई। भारी बारिश में नालों भूस्खलन प्रभावित ढलानों और संवेदनशील क्षेत्रों के पास जाने से बचें।
खतरे की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थानों पर पहुंच जाएं। एसडीआरएफ ने ग्रामीणों से प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की। किसी भी भूस्खलन जलस्तर बढ़ने या अन्य खतरे की सूचना तुरंत प्रशासन और एजेंसियों को दें। इससे समय रहते राहत कार्य शुरू हो सकेंगे।
एसडीआरएफ के अनुसार शलवाड़ नाले सहित पूरे क्षेत्र पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनहानि और नुकसान रोकने के लिए सभी सतर्क रहें।