Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले की मणिकर्ण घाटी में पर्यटकों से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में ओडिशा के 12 लोग घायल हो गए हैं, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में भर्ती कराया गया है। घायलों में 6 पुरुष, 5 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल है।
सामने से आ रहे वाहन को बचाने के चक्कर में हुआ हादसा
घायल पर्यटक लक्ष्मी रंजन जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि वे लोग ओडिशा के भुवनेश्वर से पिछले 10 दिनों से हिमाचल प्रदेश के विभिन्न पर्यटन स्थलों पर घूमने आए हुए थे। सोमवार को वे सभी प्रसिद्ध धार्मिक और पर्यटन स्थल मणिकर्ण की ओर जा रहे थे।
जब उनकी गाड़ी कसोल के पास सरशाड़ी नामक स्थान पर पहुंची, तो अचानक सामने से एक तेज रफ्तार वाहन आ गया। उस वाहन को बचाने की कोशिश में ड्राइवर का नियंत्रण टेंपो ट्रैवलर से छूट गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरा। स्थानीय लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना प्रशासन को दी, जिसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
अस्पताल में सभी घायलों की स्थिति खतरे से बाहर
क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू की चिकित्सा अधीक्षक (MS) डॉ. सपना शर्मा ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही सभी 12 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि घायलों में 6 पुरुष, 5 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल है। राहत की बात यह है कि सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है और उनका इलाज अस्पताल के डॉक्टरों की देखरेख में जारी है।
घायलों की सूची और स्थानीय प्रशासन की कार्रवाई
हादसे में घायल हुए पर्यटकों की पहचान शुभा सुमिता जैन (29), सुरमिता जैन (55), रंजन जैन (67), मंजू रानी जैन (58), तापस कुमार जैन, रश्मि जैन (58), शरद दास (58), दिवांशु शेखर (8), गायत्री (28), और विक्रांत (32) के रूप में हुई है, जो सभी ओडिशा के भुवनेश्वर और खोरधा जिले के रहने वाले हैं। इसके अलावा वाहन के चालक सुनील (35) हरियाणा के बताए जा रहे हैं। स्थानीय पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।