Kullu News: हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। थाना पतलीकूहल के अंतर्गत रांगड़ी क्षेत्र में एक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। इस भयानक हादसे में 55 वर्षीय कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना बीती रात लगभग 9:50 बजे पेश आई। रांगड़ी के पास कार अचानक अपना संतुलन खो बैठी और गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की जोरदार आवाज सुनकर स्थानीय निवासी तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव निकाला।
मृतक की हुई पहचान, मनाली के धमसू गांव का निवासी
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान 55 वर्षीय अमरनाथ के रूप में हुई है, जो मनाली तहसील के धमसू गांव के रहने वाले थे। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। इस अचानक हुए हादसे से पूरे गांव और परिवार में गहरा शोक छा गया है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगा रही है।
कुल्लू के एसपी मदन लाल ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि पतलीकूहल थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। केस की आगामी जांच सब इंस्पेक्टर गीता नंद द्वारा की जा रही है। शुरुआती पड़ताल में कार के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। विस्तृत जांच के बाद ही एक्सीडेंट के सही कारणों का खुलासा होगा।