Kinnaur News: हिमाचल पथ परिवहन निगम ने किन्नौर से विभिन्न शहरों के लिए अपनी पार्सल सेवा का नया किराया तय कर दिया है। जारी सूची के अनुसार अब रिकांगपिओ से हिमाचल के कई शहरों के अलावा चंडीगढ़, दिल्ली और हरिद्वार तक सीधे पार्सल भेजे जा सकेंगे। इस सुविधा से स्थानीय व्यापारियों और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
एचआरटीसी प्रबंधन ने पार्सल के वजन के आधार पर किराए का स्लैब तैयार किया है। रिकांगपिओ से 10 किलोग्राम वजन वाले पार्सल के लिए रामपुर का किराया 67 रुपये, शिमला का 152 रुपये, सोलन का 173 रुपये और बिलासपुर का 208 रुपये रखा गया है। वहीं धर्मशाला के लिए 267 रुपये और हमीरपुर के लिए 246 रुपये चुकाने होंगे।
चंडीगढ़, दिल्ली और हरिद्वार के लिए भी दरें तय
बाहरी राज्यों के प्रमुख शहरों के लिए 10 किलो के पार्सल का किराया चंडीगढ़ तक 222 रुपये, अंबाला तक 239 रुपये, दिल्ली तक 296 रुपये और हरिद्वार तक 308 रुपये निर्धारित किया गया है। भारी पार्सल भेजने वालों के लिए 20 किलोग्राम और 40 किलोग्राम वजन के आधार पर अलग-अलग दरें तय की गई हैं।
भारी सामान के लिए वजन के अनुसार तय हुआ शुल्क
सूची के अनुसार 20 किलो वजन पर रामपुर का किराया 134 रुपये, शिमला का 304 रुपये, बिलासपुर का 416 रुपये, चंडीगढ़ का 445 रुपये, दिल्ली का 591 रुपये और हरिद्वार का 616 रुपये रहेगा। वहीं 40 किलो के पार्सल के लिए रामपुर तक 267 रुपये, शिमला 607 रुपये, चंडीगढ़ 889 रुपये, दिल्ली 1182 रुपये और हरिद्वार 1232 रुपये किराया लगेगा।
सुबह 9 से शाम 5 बजे तक होगी बुकिंग
एचआरटीसी की पार्सल बुकिंग सुविधा सुबह 9:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चालू रहेगी। बेहतर समन्वय के लिए रिकांगपिओ में गोपाल सिंह (8580951717), टापरी में सुभाष सिंह (9418528422) और भावानगर में वेद प्रकाश (8894299845) से संपर्क किया जा सकता है। बुकिंग से पहले संबंधित बस अड्डा प्रभारी से किराए की पुष्टि करना जरूरी होगा।
