कांगड़ा में दुखद हादसा: शाहपुर के भनियार निवासी बाइक सवार विकास कुमार की गहरी खाई में गिरने से मौत

Share

- Advertisement -

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में शाहपुर के भनियार निवासी 32 वर्षीय विकास कुमार की गहरी खाई में गिरने से दर्दनाक मौत हो गई। वह काम पर जाने के लिए निकला था, लेकिन देर रात उसका शव घर से तीन किलोमीटर दूर मिला।

मृतक विकास कुमार नगरोटा सूरियां में फोरलेन निर्माण कंपनी में नौकरी करता था। वह दशहरा मनाने के लिए अपने घर आया हुआ था। बुधवार सुबह वह ड्यूटी के लिए निकला, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। फोन न उठाने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

मोबाइल लोकेशन के आधार पर परिजनों और ग्रामीणों ने दिनभर उसकी तलाश की। देर रात चमडेरा गांव के पास गहरी खाई में उसका शव बरामद हुआ। शव के पास ही उसकी बुरी तरह क्षतिग्रस्त बाइक और हेलमेट भी पड़ा मिला।

सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। ग्रामीणों की मदद से शव को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जोनल अस्पताल धर्मशाला भेज दिया।

आठ महीने पहले हुआ था पिता का निधन

मृतक विकास के पिता हरि दास का निधन करीब आठ महीने पहले ही हुआ था। विकास अपने पीछे दो मासूम बेटियों, पत्नी और मां को छोड़ गया है। उसकी एक बेटी महज दो महीने की है और दूसरी दो साल की है।

कमाऊ सदस्य की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News