विधायक निधि मामले में पूर्व विधायक होशियार सिंह की सफाई, विजिलेंस जांच के आरोपों को बताया पारिवारिक साजिश

Share

- Advertisement -

Kangra News: देहरा के पूर्व विधायक होशियार सिंह चंब्याल ने विजिलेंस की एफआईआर पर पहली बार अपनी सफाई दी है। विदेश से भेजे एक वीडियो में उन्होंने सभी आरोपों को पूरी तरह गलत बताया। उनका कहना है कि यह मामला उनके पारिवारिक कारोबारी विवाद से जुड़ा है।

पारिवारिक विवाद को राजनीतिक रूप देने का लगाया आरोप

पूर्व विधायक ने कहा कि विधायक ऐच्छिक निधि का इस्तेमाल केवल जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए किया जाता है। उन्होंने इस फंड से गरीब परिवारों और खिलाड़ियों को आर्थिक मदद दी थी। जिन 16 लोगों के खातों में पैसे भेजे गए, उन्हें नियमानुसार ही राशि मिली थी।

होशियार सिंह ने लाभार्थियों से पैसे वापस लेने के दावों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ता उनकी कंपनी के कर्मचारी हैं। उनके बड़े भाई और भतीजे के दबाव में इन लोगों ने विजिलेंस में झूठी शिकायत दर्ज कराई है। यह पूरा मामला पारिवारिक संपत्ति विवाद का हिस्सा है।

विदेश से लौटते ही जांच में शामिल होने का दावा

पूर्व विधायक का कहना है कि कंपनी में वित्तीय गड़बड़ी उजागर करने के बाद उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। वह किसी जांच से डर नहीं रहे हैं। भारत वापस आते ही वह विजिलेंस के सामने अपने बैंक रिकॉर्ड और कागजात पेश करेंगे। सच जल्द सबके सामने आ जाएगा।

उन्होंने मांग की कि अगर आरोप झूठे साबित होते हैं, तो शिकायतकर्ताओं पर भी कानूनी कार्रवाई हो। विजिलेंस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। जांच एजेंसी का दावा है कि कर्मचारियों ने नकद पैसे वापस देने की बात मानी है।

Nitesh
Nitesh
5 सालों का पत्रकारिता का अनुभव

Read more

Related News