देश में मौसम के दो रंग, उत्तर में ठंड-कोहरा और दक्षिण में भारी बारिश का अलर्ट

Share

- Advertisement -

National News: देश में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। उत्तर भारत के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में कोहरे व सुबह-शाम की ठंड का असर बढ़ रहा है, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं के लिए चेतावनी जारी की गई है।

देश में मौसम ने इन दिनों अजीब रंग दिखाने शुरू कर दिए हैं। कहीं दिन में तेज धूप लोगों को गर्मी का अहसास करा रही है, तो कहीं सुबह और शाम की ठंड लोगों को गर्म कपड़े निकालने पर मजबूर कर रही है। उत्तर के पहाड़ों और मैदानी इलाकों में कोहरा छा रहा है, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश और आंधी-तूफान का खतरा मंडरा रहा है। मौसम के इस बदलाव के पीछे पश्चिमी विक्षोभ, ऊपरी हवा में बने चक्रवाती परिसंचरण और पूर्वी हवाओं की सक्रियता अहम कारण हैं।

मौसम विभाग की ओर से 25 नवंबर 2026 की सुबह जारी ताजा अपडेट के अनुसार, मध्य क्षोभमंडल की पश्चिमी हवाओं में बना पश्चिमी विक्षोभ करीब 5.8 किमी की ऊंचाई पर एक ट्रफ के रूप में सक्रिय है। दूसरा पश्चिमी विक्षोभ पूर्व की ओर आगे बढ़ चुका है। इन मौसमी प्रणालियों के बीच उत्तर भारत में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है।

शिमला में टूटा 31 साल का रिकॉर्ड, पहाड़ों पर ठंड और कोहरा

हिमाचल प्रदेश में मौसम ने चौंकाने वाला रुख दिखाया है। राजधानी शिमला में नवंबर की धूप ने गर्मी का नया रिकॉर्ड बना दिया। विभाग के आंकड़ों के अनुसार, यहां अधिकतम तापमान पांच डिग्री उछलकर 24 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जो सामान्य से 7.3 डिग्री अधिक है। इसके साथ ही नवंबर में अधिकतम तापमान का 31 साल पुराना रिकॉर्ड टूट गया। इससे पहले 15 नवंबर 1995 को शिमला में 23.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया था।

दूसरी ओर, बिलासपुर में घने कोहरे ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। दृश्यता घटकर 100 मीटर रह गई, जिससे सड़कों पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। लाहौल-स्पीति में रात की ठंड ने मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 5.9 डिग्री और कुकुमसेरी में माइनस 4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो दोनों जगह इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान रहा।

उत्तराखंड में दिन के समय धूप खिल रही है, लेकिन सुबह और शाम ठंड का असर लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। पहाड़ी जिलों की घाटियों में हल्का कोहरा छा सकता है और रात व सुबह के तापमान में ठंड और गहरा सकती है। वहीं, जम्मू और कश्मीर तथा लद्दाख में 25 नवंबर को मौसम शुष्क रहने तथा बारिश या बर्फबारी को लेकर कोई विशेष चेतावनी न होने का अनुमान है, हालांकि सुबह-शाम कड़ाके की ठंड महसूस की जा रही है।

दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में कोहरे व हवाओं का असर

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 25 नवंबर को आसमान साफ रहने की संभावना है। सुबह कुछ इलाकों में हल्की धुंध या कोहरा दिख सकता है। अधिकतम तापमान के 26 डिग्री और न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है, जो सामान्य से करीब 1.6 से तीन डिग्री नीचे रह सकते हैं। सुबह उत्तर-पश्चिमी हवाएं 10 किमी प्रति घंटे तक चलेंगी, जबकि दोपहर में इनकी रफ्तार 15 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

इसके अलावा मौसम विभाग ने 25 नवंबर को हरियाणा के कुछ हिस्सों में हल्का और पंजाब के कुछ हिस्सों में घने कोहरे की आशंका जताई है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी

दक्षिण भारत में बारिश का दौर परेशानी बढ़ा सकता है। दक्षिण केरल और आसपास 0.9 किमी की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा कोमोरिन क्षेत्र से आंतरिक तमिलनाडु होते हुए रायलसीमा तक पूर्वी हवाओं में ट्रफ सक्रिय है।

इन प्रणालियों के प्रभाव से केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की आशंका है। विभाग ने इन राज्यों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जहां 64.5 से 115.5 मिमी तक बारिश हो सकती है।

तमिलनाडु और पुडुचेरी में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। आंध्र प्रदेश, केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी गरज-चमक और तेज हवाओं का अलर्ट है। दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में बिजली गिरने और आंध्र प्रदेश में तेज सतही हवाएं चलने की आशंका जताई गई है।

मध्य और पूर्वी भारत में गिरेगा पारा

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य भारत में 25 नवंबर तक न्यूनतम तापमान में दो से चार डिग्री और पूर्वी भारत में 26 नवंबर तक तीन से चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके बाद तापमान में खास बदलाव की संभावना नहीं है, जबकि देश के बाकी हिस्सों में अगले सात दिनों तक न्यूनतम तापमान लगभग स्थिर रह सकता है।

24 नवंबर 2026 को कर्नाटक के होनावर में देश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री रहा। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश सहित कई राज्यों में न्यूनतम तापमान सामान्य से माइनस पांच डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News