Shimla News: हिमाचल प्रदेश में तीखी धूप के बीच दिन के तापमान में चार डिग्री तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मैदानी इलाकों में लोगों के पसीने छूट रहे हैं। हालांकि लाहुल-स्पीति के केलंग में तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। राज्य से मानसून की विदाई के लिए स्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 3 और 4 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा। इसके बाद 5 अक्टूबर को राज्य के विभिन्न हिस्सों में गर्जन के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। मौसम विभाग ने 6 अक्टूबर के लिए खराब मौसम का येलो अलर्ट जारी किया है।
प्राकृतिक आपदा और भूस्खलन के कारण प्रदेश में अभी भी 45 सड़कें यातायात के लिए बंद पड़ी हैं। अकेले मंडी जिले में 27 सड़कें बंद हैं, जिनमें सराज उप-मंडल की 25 सड़कें शामिल हैं। संबंधित विभाग इन सड़कों को जल्द बहाल करने का प्रयास कर रहा है। खराब बिजली ट्रांसफॉर्मर की संख्या घटकर अब केवल छह रह गई है।
प्रदेश में तापमान की स्थिति पर नजर डालें तो ऊना में सबसे अधिक 34 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। वहीं ताबो में न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री रहा। शिमला में न्यूनतम 15.4 और अधिकतम 24.7, सुंदरनगर में 17.8 और 32.4, भुंतर में 13.6 और 32.5, कल्पा में 7.6 और 22.2, जबकि धर्मशाला में 17.5 और 28.0 डिग्री तापमान दर्ज हुआ।
कांगड़ा में न्यूनतम तापमान 18.8 और अधिकतम 31.8, ऊना में 18.2 और 34.0, नाहन में 20.0 और 27.5, केलंग में 4.4 और 16.6 तथा सोलन में न्यूनतम तापमान 14.8 और अधिकतम 28.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। केलंग को छोड़कर बाकी अधिकांश जिलों में दिन के पारे में कोई खास बदलाव देखने को नहीं मिला है।