कूच बिहार ट्रॉफी 2026-27 के लिए हिमाचल अंडर-19 पुरुष टीम घोषित, नौनिहाल अटलस कप्तान और आदित्य कटारिया उपकप्तान

Share

- Advertisement -

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने कूच बिहार ट्रॉफी 2026-27 के लिए 18 सदस्यीय अंडर-19 पुरुष टीम की घोषणा कर दी है। सोलन के नौनिहाल अटलस कप्तान और बिलासपुर के आदित्य कटारिया उपकप्तान चुने गए हैं। टीम 26 नवंबर से हमीरपुर के अमतर मैदान में राजस्थान के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (एचपीसीए) ने बीसीसीआई की कूच बिहार ट्रॉफी (चार दिवसीय) 2026-27 के लिए हिमाचल की अंडर-19 पुरुष टीम की घोषणा कर दी है। घोषित 18 सदस्यीय टीम में प्रदेश के विभिन्न जिलों के खिलाड़ियों को मौका मिला है, जिसमें कांगड़ा जिले के चार खिलाड़ी शामिल हैं।

18 सदस्यीय टीम और रिजर्व खिलाड़ी

टीम की कमान सोलन के नौनिहाल अटलस को सौंपी गई है, जबकि बिलासपुर के आदित्य कटारिया उपकप्तान होंगे। मुख्य टीम में शुहुल शाह (सोलन), आदित्य (चंबा), अनिकेत ठाकुर, किशन कुमार व साहिल कुमार (हमीरपुर), आदिल राणा, अंश धीमान, अर्जुन पठानिया व शिवम शर्मा (कांगड़ा), अमनदीप ठाकुर (कुल्लू), दिव्यांश ठाकुर व मंथन गुरंग (मंडी), साहिल चौहान (शिमला), हार्दिक शर्मा व जपनीत सिंह (सिरमौर) तथा लक्षित ठाकुर (ऊना) को जगह दी गई है।

इसके अलावा रिजर्व खिलाड़ियों के रूप में हमीरपुर के ओम महादेव और सोलन के युवराज सिंह को रखा गया है।

टूर्नामेंट का कार्यक्रम और मुकाबले

कूच बिहार ट्रॉफी में हिमाचल प्रदेश अपना पहला मुकाबला 26 से 29 नवंबर तक राजस्थान के खिलाफ हमीरपुर के अमतर मैदान में खेलेगा। इसके बाद टीम 3 से 6 दिसंबर तक रोपड़ में पंजाब के खिलाफ मैदान में उतरेगी। तीसरा मुकाबला 11 से 14 दिसंबर तक अमतर में हैदराबाद के खिलाफ निर्धारित है।

हिमाचल के अगले दो मुकाबले 18 से 21 दिसंबर तक दिल्ली के खिलाफ और 26 से 29 दिसंबर तक चंडीगढ़ के खिलाफ खेले जाएंगे। एचपीसीए ने अभी दिल्ली और चंडीगढ़ के खिलाफ होने वाले इन दोनों मैचों के आयोजन स्थलों की घोषणा नहीं की है।

सहयोगी स्टाफ की नियुक्ति

एचपीसीए ने खिलाड़ियों के साथ सहयोगी स्टाफ की भी घोषणा कर दी है। हेमंत डोगरा को मुख्य कोच, मुकेश शर्मा को गेंदबाजी कोच और रोहित कालिया को सहायक कोच की जिम्मेदारी दी गई है।

अन्य सहयोगी स्टाफ में राजिंदर नाहटा फिजियो, अंकुश आदित्य ट्रेनर, अंकित अरोड़ा वीडियो एनालिस्ट, संदीप कुमार साइड आर्म, भूपेंद्र सिंह चौहान मसाजर और विवेक धीमान टीम मैनेजर के रूप में टीम के साथ रहेंगे।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News