हिमाचल में अतिरिक्त कच्चे पानी की दरों के लिए समान नीति मंजूर, 100 रुपये आधार दर

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने जल संसाधनों और अंतरराज्यीय परियोजनाओं से मिलने वाले अतिरिक्त कच्चे पानी की दरें तय करने के लिए समान नीति को मंजूरी दी है। प्रारंभिक आधार दर 100 रुपये प्रति 1,000 घन फुट तय की गई है, जिसमें थोक मूल्य सूचकांक के अनुसार संशोधन होगा। यह नीति घरेलू जल उपयोग पर लागू नहीं होगी।

प्रदेश सरकार ने राज्य के सभी मौजूदा और भविष्य के जल संसाधनों, जल परियोजनाओं तथा अंतरराज्यीय जल परियोजनाओं से उपलब्ध अतिरिक्त कच्चे पानी (सरप्लस रॉ-वाटर) के मूल्यांकन, दर निर्धारण और समय-समय पर संशोधन के लिए एक समान राज्य नीति को स्वीकृति प्रदान की है।

इस नीति का उद्देश्य राज्य के जल संसाधनों का पारदर्शी और आर्थिक रूप से तर्कसंगत मूल्यांकन सुनिश्चित करने के साथ प्रदेश के वित्तीय हितों की रक्षा करना है। इसके तहत प्रदेश की वर्तमान और भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने के बाद, जहां भी आवश्यकता होगी, पड़ोसी राज्यों, सरकारी एजेंसियों और उद्योगों को दिए जाने वाले अतिरिक्त जल की दरें तय करने के लिए एक समान व्यवस्था लागू की जाएगी। यह नीति प्रदेश के भीतर घरेलू उपयोग के लिए इस्तेमाल होने वाले जल पर लागू नहीं होगी।

हिमाचल को मिला 3.154 प्रतिशत हिस्सा

किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना के संदर्भ में यह निर्णय विशेष महत्व रखता है। इस परियोजना के तहत हिमाचल को बांध के कुल लाइव स्टोरेज का 3.154 प्रतिशत हिस्सा आवंटित किया गया है, जो लगभग 42 मिलियन घन मीटर के बराबर है।

इसके अतिरिक्त, ऊपरी यमुना बेसिन के राज्यों के बीच हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के तहत भी हिमाचल को यमुना नदी के जल में हिस्सा आवंटित है। इस समझौते में बेसिन के जल संसाधनों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने के लिए लखवाड़, किशाऊ और रेणुका जी बांध परियोजनाओं के विकास की परिकल्पना की गई है।

नीति के तहत अतिरिक्त जल के मूल्यांकन और आपूर्ति के लिए प्रारंभिक आधार दर 100 रुपये प्रति 1,000 घन फुट निर्धारित की गई है। इन दरों में थोक मूल्य सूचकांक के आधार पर समय-समय पर संशोधन किया जाएगा, ताकि प्रचलित मूल्य स्तर में होने वाले बदलावों के अनुरूप जल का आर्थिक मूल्य सुरक्षित रखा जा सके।

हिमाचल के हितों को मिलेगी प्राथमिकता

यह नीति हिमाचल की उन सभी मौजूदा और भविष्य की परियोजनाओं पर लागू होगी, जिनसे अन्य राज्यों अथवा पात्र एजेंसियों को अतिरिक्त जल की आपूर्ति की जाती है। इसके माध्यम से किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना और प्रस्तावित रेणुका जी बांध परियोजना सहित अंतरराज्यीय बहुउद्देशीय एवं जल भंडारण परियोजनाओं के लिए एक मानकीकृत मूल्य निर्धारण व्यवस्था स्थापित होगी।

इससे यह सुनिश्चित किया जा सकेगा कि जल संसाधनों के आवंटन और आपूर्ति में हिमाचल की आवश्यकताओं और हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिले।

जल हिमाचल की प्राकृतिक संपत्तियों में से एक: सीएम सुक्खू

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और उनके समुचित आर्थिक प्रतिफल को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जल प्रदेश की सबसे महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपत्तियों में से एक है और अन्य राज्यों अथवा एजेंसियों को अधिशेष जल की आपूर्ति के लिए कोई भी व्यवस्था करते समय उसके वास्तविक आर्थिक मूल्य को उचित महत्व दिया जाना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि इस नीति से जल की दरों के निर्धारण और उनमें समय-समय पर संशोधन के लिए एक पारदर्शी एवं एक समान व्यवस्था स्थापित होगी, जिससे प्रदेश के दीर्घकालिक वित्तीय हित सुरक्षित रहेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्य राज्यों को अतिरिक्त जल उपलब्ध करवाने से पहले प्रदेश के हितों और आवश्यकताओं का पूरी तरह संरक्षण सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की पेयजल, सिंचाई, कृषि, पर्यावरणीय एवं विकासात्मक आवश्यकताएं सर्वोपरि होंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए दृढ़ता से कार्य कर रही है, ताकि राज्य के बहुमूल्य प्राकृतिक संसाधन प्रदेश की आर्थिक समृद्धि और समग्र विकास में सार्थक योगदान दे सकें।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News