हिमाचल में अतिरिक्त पानी की दरें तय करने के लिए नई नीति को मंजूरी, 100 रुपये आधार दर

Share

- Advertisement -

Shimla News: हिमाचल प्रदेश सरकार ने अतिरिक्त कच्चे पानी के मूल्यांकन और दर निर्धारण के लिए समान नीति को मंजूरी दी है। प्रारंभिक आधार दर 100 रुपये प्रति 1,000 घन फुट तय की गई है, जिसमें थोक मूल्य सूचकांक के अनुसार संशोधन होगा। यह व्यवस्था घरेलू जल उपयोग पर लागू नहीं होगी और प्रदेश के हितों को प्राथमिकता मिलेगी।

हिमाचल प्रदेश सरकार ने जल संसाधनों, परियोजनाओं और अंतरराज्यीय जल परियोजनाओं से अतिरिक्त कच्चे पानी (सरप्लस रॉ-वाटर) के मूल्यांकन और दर निर्धारण के लिए संशोधन करते हुए एक समान राज्य नीति को मंजूरी दी है। इस नीति का उद्देश्य राज्य के जल संसाधनों का पारदर्शी और आर्थिक रूप से तर्कसंगत मूल्यांकन सुनिश्चित करने के साथ प्रदेश के वित्तीय हितों की रक्षा करना है।

प्रदेश की वर्तमान और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के बाद पड़ोसी राज्यों, सरकारी एजेंसियों और उद्योगों को दिए जाने वाले अतिरिक्त पानी की दरें तय करने के लिए यह समान व्यवस्था लागू होगी। यह नीति प्रदेश के भीतर घरेलू उपयोग के लिए इस्तेमाल होने वाले पानी पर लागू नहीं होगी।

किशाऊ और अन्य परियोजनाओं पर प्रभाव

यह निर्णय किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना के संदर्भ में विशेष महत्व रखता है। इस परियोजना के तहत हिमाचल को बांध के कुल लाइव स्टोरेज का 3.154 प्रतिशत हिस्सा आवंटित है, जो लगभग 42 मिलियन घन मीटर के बराबर है।

इसके अलावा, ऊपरी यमुना बेसिन के राज्यों के बीच हुए समझौता ज्ञापन के तहत भी हिमाचल को यमुना नदी के जल में हिस्सा मिला है। इस समझौते में बेसिन के जल संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए लखवाड़, किशाऊ और रेणुका जी बांध परियोजनाओं के विकास की परिकल्पना की गई है।

100 रुपये आधार दर और मानकीकृत व्यवस्था

नीति के तहत अतिरिक्त पानी के मूल्यांकन और आपूर्ति के लिए प्रारंभिक आधार दर 100 रुपये प्रति 1,000 घन फुट निर्धारित की गई है। इन दरों में थोक मूल्य सूचकांक के आधार पर समय-समय पर संशोधन किया जाएगा, ताकि बदलते मूल्य स्तर के अनुसार जल का आर्थिक मूल्य सुरक्षित रहे।

यह नीति हिमाचल की उन सभी मौजूदा और भविष्य की परियोजनाओं पर लागू होगी, जिनसे अन्य राज्यों या पात्र एजेंसियों को अतिरिक्त जल दिया जाता है। इससे किशाऊ बहुउद्देशीय परियोजना और प्रस्तावित रेणुका जी बांध परियोजना सहित अंतरराज्यीय बहुउद्देशीय एवं जल भंडारण परियोजनाओं के लिए मानकीकृत मूल्य निर्धारण व्यवस्था बनेगी। इससे जल आवंटन और आपूर्ति में हिमाचल की जरूरतों और हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता मिल सकेगी।

सीएम सुक्खू का बयान

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और उनके समुचित आर्थिक प्रतिफल को सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जल प्रदेश की महत्वपूर्ण प्राकृतिक संपत्ति है और अन्य राज्यों या एजेंसियों को अधिशेष जल देने की किसी भी व्यवस्था में इसके वास्तविक आर्थिक मूल्य को महत्व मिलना चाहिए।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इस नीति से जल दरों के निर्धारण और संशोधन के लिए पारदर्शी व समान व्यवस्था बनेगी, जिससे प्रदेश के दीर्घकालिक वित्तीय हित सुरक्षित रहेंगे।

पानी देने से पहले प्रदेश के हितों को देखेंगे- सीएम

मुख्यमंत्री ने कहा कि अन्य राज्यों को अतिरिक्त जल उपलब्ध कराने से पहले प्रदेश के हितों और आवश्यकताओं का पूरी तरह संरक्षण किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश की पेयजल, सिंचाई, कृषि, पर्यावरणीय और विकासात्मक आवश्यकताएं सर्वोपरि रहेंगी।

उन्होंने कहा कि सरकार अपने अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए दृढ़ता से काम कर रही है, ताकि प्राकृतिक संसाधन प्रदेश की आर्थिक समृद्धि और समग्र विकास में सार्थक योगदान दे सकें।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News