Lahaul Spiti News: हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति और कुल्लू के ऊंचे इलाकों में मौसम के अचानक बदले मिजाज से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। लगातार जारी तेज बर्फबारी के कारण सड़कों पर फिसलन और हादसों का खतरा बढ़ गया है। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने रोहतांग, बारालाचा और कुंजुम समेत कई दर्रों को वाहनों के लिए बंद कर दिया है।
लाहौल-स्पीति पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से चेक पोस्टों पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। केलांग के डीएसपी केडी शर्मा ने बताया कि शिंकुला टॉप, बारालाचा ला और कुंजुम पास की तरफ गाड़ियों की आवाजाही रोक दी गई है। वर्तमान में कोकसर और जिस्पा घाटी में भी भारी हिमपात जारी है, जिसके चलते वाहनों को सुरक्षित जगहों पर ही रोका जा रहा है।
कुल्लू में रोहतांग दर्रा बंद, गुलाबा और कोकसर बैरियर किए गए सील
उधर कुल्लू जिले के रोहतांग दर्रे और ऊंची चोटियों पर भी भारी बर्फबारी दर्ज की गई है। मनाली के एसडीएम गुरजीत सिंह चीमा के अनुसार, यात्रियों की हिफाजत को ध्यान में रखते हुए गुलाबा और कोकसर बैरियर पर वाहनों की आवाजाही तुरंत रोक दी गई है। उन्होंने साफ किया कि बर्फीली सड़कों पर ड्राइविंग बेहद जोखिम भरी साबित हो सकती है।
खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए जरूरी एडवाइजरी जारी की है। अधिकारियों ने अपील की है कि स्थिति सामान्य होने तक अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में जाने से पूरी तरह बचें। यात्रा पर निकलने से पहले आधिकारिक वेदर अपडेट जरूर लें और रास्तों पर तैनात पुलिस कर्मियों के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें।