Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्यों के 441 पद खाली पड़े हैं, जिसका मुख्य कारण पदोन्नति प्रक्रिया में देरी है। एसीआर से जुड़ी औपचारिकताएं पूरी न होने से कई प्रवक्ता बिना पदोन्नत हुए सेवानिवृत्त हो रहे हैं, वहीं प्रदेश में शिक्षकों के 14,754 पद भी रिक्त हैं।
हिमाचल प्रदेश के सरकारी स्कूलों में प्रधानाचार्यों के पद लंबे समय से खाली रहने का प्रमुख कारण पदोन्नति प्रक्रिया में देरी है। प्रदेश के 441 वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रधानाचार्यों के बिना संचालित हो रहे हैं।
इसका प्रभाव स्कूलों के प्रशासनिक कामकाज के साथ पात्र प्रवक्ताओं के करियर पर भी पड़ रहा है। कई प्रवक्ता प्रधानाचार्य पद पर पदोन्नति की प्रतीक्षा करते हुए ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं।
स्कूलों में नेतृत्व संकट
प्रदेश में प्रधानाचार्यों के कुल 2,010 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 441 पद खाली हैं। पदों की कमी को देखते हुए सरकार ने उपप्रधानाचार्यों (प्रवक्ताओं) को डीडीओ पावर सौंप दी है, लेकिन नियमित पदोन्नति न होने से स्कूलों में नेतृत्व का संकट बना हुआ है।
काम्पलेक्स प्रणाली लागू होने के बाद प्रधानाचार्यों को वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के साथ अधीनस्थ प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च विद्यालयों की व्यवस्था भी संभालनी पड़ती है। ऐसे में रिक्त पदों का असर केवल एक स्कूल तक सीमित न रहकर पूरे स्कूल समूह पर पड़ रहा है।
एसीआर औपचारिकताएं अधूरी, सेवानिवृत्त हो रहे प्रवक्ता
स्कूल प्रवक्ता संघ के प्रदेश अध्यक्ष अजय नेगी ने बताया कि इस विषय को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, शिक्षा सचिव और निदेशक स्कूल शिक्षा के सामने रखा गया है। जल्द पदोन्नति सूची जारी करने का आश्वासन मिला था, लेकिन वार्षिक गोपनीय रिपोर्ट (एसीआर) से जुड़ी औपचारिकताएं अभी पूरी नहीं हुई हैं।
इससे पात्र प्रवक्ताओं की पदोन्नति रुकी हुई है और कई बिना प्रधानाचार्य बने ही सेवानिवृत्त हो रहे हैं। अजय नेगी के अनुसार, उपप्रधानाचार्यों को प्रशासनिक और वित्तीय जिम्मेदारियों के साथ पढ़ाने का काम भी करना पड़ रहा है, जबकि वार्षिक परीक्षाओं के खराब परिणाम पर शिक्षकों की इंक्रीमेंट रुकने का खतरा भी रहता है। संघ ने पदोन्नति प्रक्रिया तेज कर जल्द सूची जारी करने की मांग की है।
चरणबद्ध तरीके से पदोन्नति का आश्वासन
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि संघ का प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला था। प्रधानाचार्य पदों पर पदोन्नति की प्रक्रिया जारी है और विभाग चरणबद्ध तरीके से पदोन्नतियां कर रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सूची जारी कर दी जाएगी।
शिक्षकों के 14,754 पद भी रिक्त
प्रदेश के सरकारी प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों के कुल 82,564 पद स्वीकृत हैं। इनमें से 14,754 पद खाली हैं।