Shimla News: हिमाचल प्रदेश में मानसून की वर्षा का दौर जारी है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में रेड अलर्ट न होने से भारी बारिश से थोड़ी राहत की उम्मीद जताई है। हालांकि 22 जुलाई को कांगड़ा और मंडी जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
कई जिलों के लिए अलर्ट जारी, बढ़ा बाढ़ का खतरा
मौसम केंद्र ने 22 जुलाई को चंबा, कुल्लू, शिमला, सोलन और सिरमौर में यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 23 से 25 जुलाई के दौरान कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, शिमला, सोलन और हमीरपुर में भी यलो अलर्ट रहेगा। प्रदेश के कई हिस्सों में 27 जुलाई तक मूसलाधार बारिश का सिलसिला बना रहेगा।
विभाग ने चंबा, कांगड़ा, मंडी, कुल्लू, सिरमौर, शिमला, सोलन, किन्नौर और लाहुल-स्पीति में फ्लैश फ्लड यानी अचानक बाढ़ का खतरा जताया है। मौसम विज्ञानी संदीप शर्मा के अनुसार फिलहाल केवल मानसून की बारिश हो रही है और 2023, 2024 व 2025 की तरह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस सक्रिय नहीं है।
पालमपुर में सबसे ज्यादा 140 मिमी बारिश दर्ज
पिछले 24 घंटों में पालमपुर में सबसे ज्यादा 140 मिमी बारिश दर्ज हुई। इसके अलावा रेणुका-ददाहू में 110 मिमी, जटों बैराज में 100 मिमी और नाहन में 80 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। धर्मशाला, कांगड़ा और चंबा के चुवाड़ी में भी 70-70 मिमी मूसलाधार बारिश दर्ज की गई है।
प्रदेश में बंद पड़ी 145 सड़कों को खोलने का काम तेजी से जारी है। बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए 508 डीटीआर को ठीक किया जा रहा है। 43 पेयजल योजनाओं को बहाल करने का काम चल रहा है। इस मानसून सीजन में अब तक हादसों में 66 लोगों की मौत हो चुकी है।