हिमाचल के दो जिलों में गुरुवार को छुट्टी का ऐलान, जानिए मंडी और ऊना में क्यों बंद रहेंगे स्कूल

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना और मंडी जिलों में गुरुवार को शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है. ऊना के केवल स्कूलों में यह छुट्टी लागू रहेगी, वहीं मंडी में ‘सायर’ त्योहार के उपलक्ष्य में सभी सरकारी दफ्तर, स्कूल और कॉलेज पूरी तरह बंद रखे जाएंगे.

ऊना जिले में स्थानीय अवकाश का फैसला मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देश पर हुआ है. उन्होंने बुधवार को ‘एंटी चिट्टा वॉकथॉन’ कार्यक्रम के मंच से 17 सितंबर को विद्यार्थियों के लिए छुट्टी देने की आधिकारिक घोषणा की. इस निर्देश के तहत जिले के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी तथा निजी विद्यालयों का संचालन उस दिन स्थगित रहेगा.

दूसरी ओर, मंडी और कुल्लू क्षेत्र में अश्विन माह की संक्रांति के अवसर पर परंपरागत सायर उत्सव की धूम रहती है. मानसूनी बारिश के खत्म होने और शरद ऋतु के आगमन के प्रतीक इस पर्व पर खरीफ की फसलें पककर तैयार हो जाती हैं. इस धार्मिक अनुष्ठान के दौरान ग्रामीण लोग सैरी माता को अपनी पहली फसल का अंश अर्पित करते हैं.

पहाड़ी मान्यताओं के अनुसार इस दिन राखियां उतारकर माता के चरणों में अर्पित करने की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है. सायर के पर्व से ही क्षेत्र में ठंड की शुरुआत मानी जाती है. इसी सांस्कृतिक महत्व के कारण मंडी प्रशासन ने जिले में गुरुवार के दिन सार्वजनिक अवकाश का प्रावधान लागू किया है.

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News