हिमाचल में 1 से 31 दिसंबर तक एचआईवी जागरूकता अभियान, स्कूलों-कॉलेजों में कार्यक्रम

Share

- Advertisement -

Himachal Pradesh News: विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश में 1 से 31 दिसंबर तक एक महीने का एचआईवी/एड्स जागरूकता अभियान चलेगा। शिक्षा निदेशालय ने शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की भागीदारी के निर्देश दिए हैं, जबकि बैठक में प्रदेश में करीब 8,140 मामलों का आंकड़ा साझा किया गया।

विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में हिमाचल प्रदेश में एचआईवी/एड्स की रोकथाम के लिए आगामी 1 से 31 दिसम्बर तक एक महीने का विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के तहत प्रदेश के स्कूलों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और तकनीकी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को इस गंभीर बीमारी के प्रति जागरूक किया जाएगा।

इसके लिए शिक्षा निदेशालय ने सभी प्रारंभिक और माध्यमिक शिक्षा उपनिदेशकों को अपने-अपने क्षेत्रों के शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश जारी कर दिए हैं।

नशे के इंजैक्शन से बढ़ रहा खतरा

यह विशेष अभियान हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसायटी की हाल ही में संपन्न हुई अंतर-विभागीय बैठक में लिए गए निर्णयों के आधार पर आयोजित किया जा रहा है। बैठक में साझा किए गए आंकड़ों के अनुसार, वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में एचआईवी के करीब 8,140 मामले हैं। वहीं, देश में यह संख्या करीब 25.61 लाख और विश्व स्तर पर 4.1 करोड़ आंकी गई है।

बैठक के दौरान इंजैक्शन के माध्यम से नशीले पदार्थों का सेवन करने वालों में संक्रमण के बढ़ते खतरे को लेकर गहरी चिंता जताई गई। इसी को ध्यान में रखते हुए 16 से 45 वर्ष के आयु वर्ग के युवाओं को जागरूकता और बचाव अभियान का प्रमुख लक्ष्य बनाया गया है।

नुक्कड़ नाटक और टीचएड्स फिल्म से जागरूक होंगे विद्यार्थी

अभियान की रूपरेखा के तहत 30 नवंबर और 1 दिसम्बर को कॉलेजों, विश्वविद्यालयों व तकनीकी संस्थानों में रैड रिबन क्लब के माध्यम से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें रैड रिबन पिनिंग, सैल्फ रिस्क असैसमैंट टूल, नुक्कड़ नाटक और जागरूकता कार्यक्रम शामिल होंगे।

इसके बाद, 2 दिसम्बर को स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान विद्यार्थियों को जागरूक किया जाएगा। साथ ही स्कूलों में एनएसएस और एनसीसी की गतिविधियां, विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी और विद्यार्थियों को टीचएड्स फिल्म भी दिखाई जाएगी।

विभागों में नामित होंगे शिकायत अधिकारी, योजनाओं से जुड़ेंगे प्रभावित लोग

जागरूकता के साथ-साथ प्रशासनिक स्तर पर भी कड़े कदम उठाए गए हैं। सभी विभागों को नोडल अधिकारी और एचआईवी/एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के तहत शिकायत अधिकारी नामित करने के लिए कहा गया है।

इसके अलावा, कर्मचारियों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में कम से कम एक घंटे का एचआईवी/एड्स जागरूकता सत्र शामिल करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार ने पात्र एचआईवी प्रभावित लोगों को मुख्यधारा में लाने के लिए उन्हें कौशल विकास और उद्यमिता योजनाओं से जोड़ने के भी निर्देश दिए हैं।

Mohit
Mohit
पत्रकारिता के क्षेत्र में 9 सालों का अनुभव।

Read more

Related News