Solan News: हिमाचल प्रदेश में बनी 91 दवाओं के सैंपल गुणवत्ता जांच में फेल पाए गए हैं, जिनमें सोलन जिले के 65 सैंपल शामिल हैं। बुखार, शुगर, बीपी और एसिडिटी की दवाएं भी इस सूची में हैं। ड्रग कंट्रोलर ने संबंधित कंपनियों को नोटिस जारी कर बैच वापस मंगवाने के निर्देश दिए हैं।
हिमाचल प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में तैयार की गई 91 दवाओं के सैंपल गुणवत्ता मानकों पर खरे नहीं उतरे हैं। देशभर में कुल 324 दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं। प्रदेश में सबसे अधिक 65 दवाओं के सैंपल सोलन जिले की कंपनियों के फेल पाए गए हैं। इसके अलावा सिरमौर की 19, ऊना की पांच और कांगड़ा की दो दवाएं मानकों के अनुरूप नहीं मिलीं।
जांच में फेल हुई दवाओं में संक्रमण, एनीमिया, खुजली, बुखार, खांसी-जुकाम, दर्द, एसिडिटी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, अस्थमा और कोलेस्ट्रॉल के उपचार में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश के ड्रग कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर ने बताया कि संबंधित कंपनियों के खिलाफ ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। कंपनियों को नोटिस भेजकर प्रभावित बैच बाजार से वापस मंगवाने के निर्देश दिए जाएंगे।
किन कंपनियों के सैंपल फेल हुए
राज्य प्रयोगशाला की जांच में नालागढ़ के मानपुरा की अल्ट्रा ड्रग, काठा की बंगाल केमिकल एंड फार्मास्युटिकल, बद्दी की एलविटा फार्मा, गुल्लरवाला की एफी फार्मा, बद्दी की क्योर टेक स्किन, कालाअंब की स्टार फिल्ट्रेशन और वारव बायोजेनेटिक समेत कई कंपनियों के सैंपल फेल हुए हैं।
इसके अलावा झाड़माजरी की वीएबीपीएस, परवाणू की मेक बायोटेक, कालाअंब की अलडे मेडिइफेक्स, ऊना की वेलग्रेड फार्मा, सोलन के देवठी की क्योर हेल्थ और झाड़माजरी की डेक्सिन फार्मा के सैंपल भी मानकों पर खरे नहीं उतरे। डेक्सिन फार्मा की एसिडिटी की दवा के दो सैंपल एक साथ फेल पाए गए।
कालाअंब की आसिन फार्मा, बद्दी की आयोरिटयल इंडिया, विग्स बायोटेक, सरेट मेडिकेयर और हिमसागर लैबोरेट्री के सैंपल भी जांच में फेल हुए। सोलन की इंडिया हेल्थकेयर, कसौली की एमरोज फार्मा, दवनी की श्याम हेल्थकेयर, मोगीनंद की आकोरा केयर, बद्दी की कोलेश फार्मा और थाना स्थित एक कंपनी की सीने में जलन की दवा के सैंपल भी सही नहीं पाए गए।
परवाणू की मोरपिन, बद्दी की कोटास्टा फार्मास्युटिकल, सोर वैक्स, मार्टिन एंड ब्राउन, कालाअंब की प्रोटेक्ट बीसीएल फार्मा और एलेक्सा फार्मा समेत कई अन्य कंपनियों की दवाओं के सैंपल भी फेल हुए हैं, जिनमें हार्ट अटैक, फंगल संक्रमण और बुखार की दवाएं शामिल हैं। बद्दी के अटोप हेल्थकेयर, मानपुरा की शिवा बायोटेक, नालागढ़ की तनिष्का फार्मास्युटिकल, झाड़माजरी की इनावा केपटेप और सोलन की गोवा एंटीबायोटिक कंपनी के आयरन एवं फोलिक एसिड के तीन सैंपल भी मानकों पर खरे नहीं उतरे।
भटोली कलां की मेडवेल बायोटेक, पांवटा की सी फार्मास्युटिकल, मार्टिन एंड ब्राउन, एसटेम हेल्थकेयर, पीत रेमडीज, एनरोज फार्मा, प्रोटेक्ट टेली क्लीनिक, गोलेश रेमडीज, एबसोल्यूट रेमडीज, नेपच्यून, पार्क फार्मा, डेक्सीन, स्विश गार्नियर, शिव इंडस्ट्री, थ्योन फार्मा, एमके हेल्थकेयर, पवित्र फार्मा, आरएच लैबोरेट्री, जैक्सन लैबोरेट्री, अल्ट्रा ड्रग, एस्टरिस्क हेल्थकेयर, एडमड फार्मा, शेर वोटिक फार्मा, जेडआरएस, एसेस लाइफ साइंस, पोलेस्टर, कोलेश फार्मा, ग्लाइड केमिकल, एथेस लाइफ साइंस, कृशा हेल्थकेयर, कोसेकेफ इंडिया, बायोजेनेटिक ड्रग, स्पेन फार्मा, पार्क फार्मा स्टार, बायोजेनेटिक रेमेडीज, सिंबोसिस फार्मा और अनीस्पीड फार्मा के सैंपल भी फेल पाए गए हैं।
सीडीएसओ जांच में भी कई सैंपल नाकाम
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएसओ) की जांच में भी हिमाचल की कई दवा कंपनियों के सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे। थाना स्थित आदिल बायोटेक, मार्टिन एंड ब्राउन, गुलफिक बायोटेक और इंटेग्रेटेड लैबोरेट्री के आई ड्रॉप के सैंपल फेल हुए हैं, जिनमें आई ड्रॉप के दो सैंपल एक साथ फेल पाए गए। बद्दी के भुड स्थित मून मार्क, जेपी इंडस्ट्रीज, अलमड पार्क और कालाअंब की इवेंट कॉरपोरेट कंपनी के दवा सैंपल भी जांच में फेल हुए।
बीते तीन साल का आंकड़ा
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के हालिया शीत सत्र में सरकार ने बताया था कि बीते तीन साल में प्रदेश में बनी 2216 दवाओं के सैंपल फेल हुए हैं, जिनमें दो जीवनरक्षक दवाएं भी शामिल हैं। सरकार के अनुसार, 47 कंपनियों के सैंपल 10 से अधिक बार मानकों के मुताबिक नहीं पाए गए।
इस अवधि में तीन कंपनियों के लाइसेंस पूरी तरह रद्द किए गए। विभिन्न कंपनियों के 1608 उत्पाद लाइसेंस निलंबित और 59 उत्पाद लाइसेंस निरस्त किए गए, जबकि चार मामलों में चेतावनी जारी की गई। कुल मिलाकर 1667 उत्पादों के निर्माण पर रोक लगाई गई या उनके लाइसेंस निरस्त किए गए हैं।