Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश में निर्मित 91 दवाओं के सैंपल गुणवत्ता जांच में फेल पाए गए हैं, जिनमें सोलन जिले की सबसे अधिक 65 दवाएं शामिल हैं। देशभर में 324 दवाओं के सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे। ड्रग कंट्रोलर के अनुसार संबंधित कंपनियों पर कार्रवाई होगी और बैच बाजार से वापस मंगवाए जाएंगे।
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर दवाओं के सैंपल जांच में फेल हुए हैं। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में बनी 91 दवाएं गुणवत्ता जांच के मानकों पर खरी नहीं उतरी हैं, जबकि देशभर में कुल 324 दवाओं के सैंपल फेल पाए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, हिमाचल में सबसे अधिक सोलन जिले की दवा कंपनियों के सैंपल फेल हुए हैं। सोलन जिले की 65 दवाएं, सिरमौर की 19, ऊना की पांच और कांगड़ा की दो दवाएं मानकों पर खरी नहीं उतरीं। इन दवाओं में संक्रमण, एनीमिया, खुजली, बुखार, खांसी-जुकाम, दर्द, एसिडिटी, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर, अस्थमा और कोलेस्ट्रॉल जैसी बीमारियों के उपचार में काम आने वाली दवाएं शामिल हैं।
हिमाचल प्रदेश के ड्रग कंट्रोलर डॉ. मनीष कपूर ने बताया कि संबंधित दवा कंपनियों के विरुद्ध ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। कंपनियों को नोटिस जारी कर इन दवाओं के बैच बाजार से वापस मंगवाने के निर्देश दिए जाएंगे।
किन कंपनियों के सैंपल हुए फेल
राज्य प्रयोगशाला की जांच में मानपुरा (नालागढ़) की अल्ट्रा ड्रग, काठा की बंगाल केमिकल एंड फार्मास्युटिकल, बद्दी की एलविटा फार्मा, गुल्लरवाला की एफी फार्मा, बद्दी की क्योर टेक स्किन, कालाअंब की स्टार फिल्ट्रेशन और वारव बायोजेनेटिक समेत कई कंपनियों के सैंपल फेल पाए गए। इसके अलावा झाड़माजरी की वीएबीपीएस, परवाणू की मेक बायोटेक, कालाअंब की अलडे मेडिइफेक्स, ऊना की वेलग्रेड फार्मा, देवठी (सोलन) की क्योर हेल्थ और झाड़माजरी की डेक्सिन फार्मा के सैंपल भी मानकों पर खरे नहीं उतरे। डेक्सिन फार्मा की एसिडिटी की दवा के दो सैंपल एक साथ फेल हुए।
कालाअंब की आसिन फार्मा, बद्दी की आयोरिटयल इंडिया, विग्स बायोटेक, सरेट मेडिकेयर और हिमसागर लैबोरेट्री के सैंपल भी जांच में फेल हुए। सोलन की इंडिया हेल्थकेयर, कसौली की एमरोज फार्मा, दवनी की श्याम हेल्थकेयर, मोगीनंद की आकोरा केयर, बद्दी की कोलेश फार्मा और थाना स्थित एक कंपनी की सीने में जलन की दवा के सैंपल भी गुणवत्ता जांच में सही नहीं पाए गए।
परवाणू की मोरपिन, बद्दी की कोटास्टा फार्मास्युटिकल, सोर वैक्स, मार्टिन एंड ब्राउन, कालाअंब की प्रोटेक्ट बीसीएल फार्मा और एलेक्सा फार्मा समेत कई अन्य कंपनियों की दवाओं के सैंपल भी फेल हुए। इनमें हार्ट अटैक, फंगल संक्रमण और बुखार के इलाज में इस्तेमाल होने वाली दवाएं शामिल हैं। बद्दी के अटोप हेल्थकेयर, मानपुरा की शिवा बायोटेक, नालागढ़ की तनिष्का फार्मास्युटिकल, झाड़माजरी की इनावा केपटेप और सोलन की गोवा एंटीबायोटिक कंपनी के आयरन एवं फोलिक एसिड के तीन सैंपल भी मानकों पर खरे नहीं उतरे।
इसके अतिरिक्त भटोली कलां की मेडवेल बायोटेक, पांवटा की सी फार्मास्युटिकल, मार्टिन एंड ब्राउन, एसटेम हेल्थकेयर, पीत रेमडीज, एनरोज फार्मा, प्रोटेक्ट टेली क्लीनिक, गोलेश रेमडीज, एबसोल्यूट रेमडीज, नेपच्यून, पार्क फार्मा, डेक्सीन, स्विश गार्नियर, शिव इंडस्ट्री, थ्योन फार्मा, एमके हेल्थकेयर, पवित्र फार्मा, आरएच लैबोरेट्री, जैक्सन लैबोरेट्री, अल्ट्रा ड्रग, एस्टरिस्क हेल्थकेयर, एडमड फार्मा, शेर वोटिक फार्मा, जेडआरएस, एसेस लाइफ साइंस, पोलेस्टर, कोलेश फार्मा, ग्लाइड केमिकल, एथेस लाइफ साइंस, कृशा हेल्थकेयर, कोसेकेफ इंडिया, बायोजेनेटिक ड्रग, स्पेन फार्मा, पार्क फार्मा स्टार, बायोजेनेटिक रेमेडीज, सिंबोसिस फार्मा और अनीस्पीड फार्मा के सैंपल भी फेल पाए गए।
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (सीडीएसओ) की जांच में भी हिमाचल की कई दवा कंपनियों के सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे। थाना स्थित आदिल बायोटेक, मार्टिन एंड ब्राउन, गुलफिक बायोटेक और इंटेग्रेटेड लैबोरेट्री के आई ड्रॉप के सैंपल फेल हुए हैं, जिनमें आई ड्रॉप के दो सैंपल एक साथ फेल पाए गए। इसके अलावा भुड (बद्दी) स्थित मून मार्क, जेपी इंडस्ट्रीज, अलमड पार्क और कालाअंब की इवेंट कॉरपोरेट कंपनी के दवा सैंपल भी गुणवत्ता जांच में फेल हुए।
तीन साल में कितनी दवाओं के सैंपल फेल
हिमाचल प्रदेश विधानसभा के हालिया शीत सत्र में सरकार ने जानकारी दी थी कि बीते तीन साल में हिमाचल में बनीं 2,216 दवाओं के सैंपल फेल पाए गए, जिनमें दो जीवनरक्षक दवाएं भी शामिल हैं। सरकार के अनुसार, 47 कंपनियां ऐसी हैं जिनके सैंपल 10 से अधिक बार तय मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए।
इस अवधि में तीन कंपनियों के लाइसेंस पूरी तरह रद्द किए गए। विभिन्न कंपनियों के 1,608 उत्पाद लाइसेंस निलंबित और 59 उत्पाद लाइसेंस निरस्त किए गए, जबकि चार मामलों में चेतावनी जारी की गई। कुल मिलाकर 1,667 उत्पादों के निर्माण पर रोक लगाई गई या उनके लाइसेंस निरस्त किए गए।