Bilaspur News: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के दयोली स्थित ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में रह रहे 75 वर्षीय कन्हैया लाल और 63 वर्षीय सबीना 25 नवंबर को विवाह के बंधन में बंधेंगे। कोर्ट मैरिज के बाद आश्रम में हिंदू रीति-रिवाजों से शादी की रस्में पूरी की जाएंगी। विवाह के बाद इस जोड़े को नालागढ़ स्थित नए वृद्धाश्रम में भेजा जाएगा।
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घाघस क्षेत्र के दयोली स्थित ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में रह रहे दो बुजुर्गों ने जीवन के इस पड़ाव पर एक-दूसरे का सहारा बनने का निर्णय लिया है। मंडी जिले के जंजैहली क्षेत्र के थुनाग निवासी 75 वर्षीय कन्हैया लाल और मूल रूप से कोलकाता की रहने वाली 63 वर्षीय सबीना 25 नवंबर को विवाह करेंगे।
आश्रम प्रबंधन के अनुसार, पहले दोनों का कोर्ट में विवाह पंजीकरण कराया जाएगा। इसके बाद दयोली स्थित वृद्धाश्रम में ही हिंदू रीति-रिवाजों के साथ शादी की सभी रस्में संपन्न होंगी।
परिवार से उपेक्षा के बाद गुफा में रहने को मजबूर थे कन्हैया लाल
जानकारी के अनुसार, मंडी जिले के थुनाग के रहने वाले कन्हैया लाल पहले अपनी पत्नी के साथ खेतीबाड़ी कर सामान्य जीवन जीते थे। बीमारी के कारण पत्नी का निधन हो गया और उनकी कोई संतान नहीं थी। इसके बाद उन्होंने अपनी जमीन अपने भाइयों के नाम कर दी।
आरोप है कि जमीन नाम होने के कुछ समय बाद भाइयों ने उन्हें घर से निकाल दिया। अपनों से मिली इस उपेक्षा के बाद वे जंगल की एक गुफा में रहने लगे थे। वर्ष 2022 में उन्हें रेस्क्यू कर बिलासपुर के दयोली वृद्धाश्रम में लाया गया, जहां वे तब से रह रहे हैं।
चार साल नारी निकेतन मशोबरा में रहीं सबीना
कोलकाता की रहने वाली 63 वर्षीय सबीना का जीवन भी संघर्षों से भरा रहा। मानसिक अस्वस्थता की स्थिति में भटकते हुए वे शिमला के मशोबरा पहुंच गई थीं। उस समय पुलिस ने उन्हें रेस्क्यू कर नारी निकेतन मशोबरा में आश्रय दिलाया, जहां वे करीब चार वर्षों तक रहीं। इसके बाद वर्ष 2025 में उन्हें बिलासपुर के दयोली स्थित ‘अपना घर’ वृद्धाश्रम में स्थानांतरित किया गया। यहीं उनकी मुलाकात कन्हैया लाल से हुई।
आश्रम प्रबंधन ने की विवाह की तैयारी, नालागढ़ में करेंगे नई शुरुआत
वृद्धाश्रम में साथ रहते हुए दोनों एक-दूसरे के दैनिक कार्यों में मदद करने लगे और धीरे-धीरे उनके बीच गहरा अपनापन विकसित हो गया। अकेलेपन के बीच दोनों ने शेष जीवन साथ बिताने का फैसला किया।
दयोली वृद्धाश्रम के संस्थापक एडवोकेट प्रकाश बंसल ने दोनों बुजुर्गों से बातचीत कर उनकी भावनाओं और भविष्य की इच्छा को जाना। दोनों ने एक-दूसरे से शादी करने की इच्छा व्यक्त की, जिसके बाद आश्रम प्रबंधन ने उनके निर्णय का सम्मान करते हुए विवाह की तैयारियां शुरू कर दीं। एडवोकेट प्रकाश बंसल ने बताया कि नालागढ़ में एक नया वृद्धाश्रम खोला गया है और विवाह के बाद कन्हैया लाल व सबीना को वहां भेजा जाएगा, जहां वे साथ रहकर अपने जीवन की नई शुरुआत करेंगे।