New Delhi News: पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ के भारत में स्ट्रीम होने की चर्चाओं के बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को पुरानी एडवाइजरी और आश्वासन की याद दिलाई है। सीरीज 4 दिसंबर को ग्लोबल स्तर पर आने वाली है, जबकि फिल्म संगठनों ने भारत में रिलीज को लेकर विरोध जताया है।
पाकिस्तानी वेब सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ के भारत में संभावित प्रसारण को लेकर उठे विवाद के बीच सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को पहले जारी एडवाइजरी और प्लेटफॉर्म के आश्वासन की याद दिलाई है। यह सीरीज 4 दिसंबर को स्ट्रीम होने वाली है, लेकिन भारत में इसके प्रसारण को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
सहयोगी वेबसाइट न्यूज18 की रिपोर्ट में मंत्रालय के सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि यह कदम भारत में इस सीरीज की संभावित स्ट्रीमिंग को लेकर मिली शिकायतों के बाद उठाया गया। मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को 8 मई 2025 को जारी उस एडवाइजरी की याद दिलाई, जिसमें सभी ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को पाकिस्तान से जुड़े कंटेंट को बंद करने का निर्देश दिया गया था।
जून 2025 के आश्वासन पर कायम रहने की बात
मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को जून 2025 में दिए गए उसके आश्वासन का भी हवाला दिया है। उस समय प्लेटफॉर्म ने सरकार को भरोसा दिलाया था कि उसने भारत में सब्सक्राइबर्स के लिए पाकिस्तान में बनी कोई फिल्म या सीरीज उपलब्ध नहीं कराई है।
रिपोर्ट के अनुसार, केंद्र सरकार ने नेटफ्लिक्स से अपने उसी पुराने रुख और वादे पर कायम रहने को कहा है।
फिल्म संगठनों के विरोध और बॉयकॉट की चेतावनी
नेटफ्लिक्स ने अपने पहले पाकिस्तानी ओरिजिनल शो ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ के 4 दिसंबर 2026 को ग्लोबल प्रीमियर की घोषणा की थी। भारत में भी ऐप पर यह शो ‘कमिंग सून’ सूची में दिखने के बाद विवाद शुरू हुआ।
ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर शो पर प्रतिबंध लगाने की मांग की और 4 दिसंबर से पहले इसे न हटाने पर देशव्यापी बॉयकॉट की चेतावनी दी थी। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने भी भारत में इसकी स्ट्रीमिंग होने पर असहयोग की बात कही थी।
कहानी और कलाकार
‘जो बचे हैं संग समेट लो’ फरहत इश्तियाक के उर्दू उपन्यास पर आधारित है और इसे मोमिना दुरैद फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है। सीरीज में फवाद खान और माहिरा खान के साथ हानिया आमिर, सनम सईद, अहद रजा मीर और हमजा अली अब्बासी नजर आएंगे।