Kullu-Manali News: हिमाचल प्रदेश का कुल्लू-मनाली एक बार फिर बॉलीवुड सितारों की पसंद बनता जा रहा है। हिंदी फिल्मों के चर्चित अभिनेता जिम्मी शेरगिल और अभिनेत्री पानुचे मिल्ने एक फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में हिमाचल प्रदेश पहुंचे हैं। दोनों कलाकार मुंबई से आने के बाद अपनी आगामी फिल्म की शूटिंग में व्यस्त हो गए हैं।
बड़ागढ़ रिसॉर्ट में हुआ कलाकारों का स्वागत
मुंबई से आए दोनों कलाकार अपने मित्र, अवॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस विजेता एवं बड़ागढ़ रिसॉर्ट एंड स्पा (आईएचसीएल सेलेक्शंस) के निदेशक नकुल खुल्लर से मिलने पहुंचे। बड़ागढ़ रिजॉर्ट पहुंचने पर प्रबंधन और टीम ने जिम्मी शेरगिल और पानुचे मिल्ने का गर्मजोशी के साथ स्वागत किया।
कुल्लू और लाहुल-स्पीति में होगी फिल्म की शूटिंग
फिल्म को-ऑर्डिनेटर राहुल चौहान ने बताया कि जिम्मी शेरगिल और अभिनेत्री पनुचे एक नई हिंदी फिल्म की शूटिंग के लिए हिमाचल आए हैं। इस फिल्म का निर्देशन इंद्रनील कर रहे हैं। फिल्म की शूटिंग अगले कुछ दिनों तक कुल्लू और लाहुल-स्पीति जिले की विभिन्न खूबसूरत लोकेशन पर की जाएगी।