दिवाली पर पटाखे न जलाने की अपील पर घिरीं दीया मिर्जा, बीजेपी नेताओं ने साधा निशाना

Share

- Advertisement -

Mumbai News: मुंबई में दिवाली पर बढ़ते वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने और पटाखे न जलाने की अपील को लेकर अभिनेत्री दीया मिर्जा विवादों में आ गई हैं। बीएमसी के अभियान से जुड़े उनके वीडियो पर बीजेपी नेताओं ने कड़ी आपत्ति दर्ज कराई है। विवाद बढ़ने के बाद बीएमसी ने सोशल मीडिया से वीडियो हटा दिया है।

मुंबई में दीपावली के दौरान वायु प्रदूषण को कम करने के उद्देश्य से बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के जन-जागरूकता अभियान में शामिल अभिनेत्री दीया मिर्जा का वीडियो सियासी विवाद का कारण बन गया है। वीडियो में अभिनेत्री ने लोगों से पर्यावरण संरक्षण का ध्यान रखने और पटाखों का उपयोग न करने की अपील की थी। इस संदेश पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कई वरिष्ठ नेताओं ने असंतोष जताया, जिसके बाद बीएमसी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से यह वीडियो हटा लिया।

बीएमसी ने हालांकि वीडियो को हटाने के पीछे कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया है, लेकिन राजनीतिक दलों की आपत्तियों के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया है।

केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले और बीजेपी नेताओं ने दर्ज कराई आपत्ति

केंद्रीय राज्यमंत्री रामदास आठवले ने अभिनेत्री के बयान पर असहमति जताते हुए कहा कि भारत में सभी नागरिकों को अपने धार्मिक पर्व मनाने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि पटाखों के बिना दीपावली का उल्लास अधूरा रहता है और इस तरह के बयानों से श्रद्धालुओं की भावनाएं आहत हो सकती हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी जोड़ा कि त्योहार मनाते समय तय प्रदूषण नियमों का ध्यान रखना जरूरी है।

इससे पहले मुंबई बीजेपी अध्यक्ष अमित साटम ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट साझा कर बीएमसी को टैग करते हुए विरोध दर्ज कराया था। उन्होंने कहा कि भारतीय परंपराएं संस्कृति में गहराई से रची-बसी हैं और लोगों को दीपावली मनाने के तौर-तरीके किसी अभिनेत्री से सीखने की आवश्यकता नहीं है।

बीजेपी नेता श्रीकांत भारतीय ने टिप्पणी करते हुए कहा कि हिंदू समाज पर्यावरण के प्रति सदैव संवेदनशील रहा है और लोग जानते हैं कि त्योहार कैसे मनाना है। वहीं, बीजेपी विधायक संजय उपाध्याय ने सवाल उठाया कि अक्सर प्रमुख त्योहारों के समय ही कुछ हस्तियों द्वारा इस तरह के मुद्दे उठाए जाते हैं।

शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने स्वास्थ्य को बताया प्राथमिकता

इस विवाद के बीच शिवसेना की राष्ट्रीय प्रवक्ता शाइना एनसी की भी प्रतिक्रिया सामने आई। उन्होंने कहा कि दीपावली मूल रूप से प्रकाश का पर्व है। साथ ही उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि नागरिकों के स्वास्थ्य और सुरक्षा के दृष्टिकोण से प्रदूषण को लेकर सतर्कता आवश्यक है। उन्होंने सुरक्षित दिवाली मनाने और प्रदूषण से बचाव के उपायों पर जोर दिया।

Read more

Related News