Dharamshala News: हिमाचल प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और पहाड़ों के पर्यावरण संकट पर बनी फिल्म ‘खूंटा’ की सोमवार शाम धर्मशाला के होटल धौलाधार में स्पेशल स्क्रीनिंग हुई। कान्स फिल्म फेस्टिवल में धूम मचाने के बाद आयोजित इस स्क्रीनिंग में भारी संख्या में दर्शक पहुंचे। यह फिल्म आगामी 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इस फिल्म का लेखन और निर्देशन सिरमौर जिले के शिलाई की रहने वाली अनुषी शर्मा ने किया है। फिल्म का मुख्य उद्देश्य पहाड़ी संस्कृति को दुनिया के सामने लाना और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना है। स्क्रीनिंग के दौरान दर्शकों ने स्थानीय परिवेश पर बनी इस कहानी और कलाकारों के अभिनय की जमकर सराहना की।
फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद निर्माता मुकेश मोदी और अभिनेत्री अनुषी शर्मा समेत पूरी टीम ने दर्शकों और मीडिया से सीधी बात की। उन्होंने स्थानीय कहानी को बड़े पर्दे तक पहुंचाने की चुनौतियों और कान्स तक के शानदार सफर के अनुभव साझा किए। इस दौरान दर्शकों ने टीम का उत्साह बढ़ाया।
प्रचार अभियान के तहत फिल्म की स्टार कास्ट ने धर्मशाला के कोतवाली बाजार और पीवीआर में भी लोगों से मुलाकात की। इसके अलावा मंगलवार को धर्मशाला कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ एक खास संवाद कार्यक्रम रखा गया। इसमें युवाओं को पहाड़ी सिनेमा और पर्यावरण के मुद्दों से जोड़ने की कोशिश की गई।