1992 बैच की IAS हरजोत कौर बम्हरा बनीं BPSC की स्थायी अध्यक्ष, 29 नवंबर को संभालेंगी पदभार

Share

- Advertisement -

Patna News: बिहार सरकार ने 1992 बैच की वरिष्ठ IAS अधिकारी हरजोत कौर बम्हरा को बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) का स्थायी अध्यक्ष नियुक्त किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की अधिसूचना के अनुसार वह 28 नवंबर को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के बाद 29 नवंबर को पदभार संभालेंगी और छह साल या 62 वर्ष की आयु तक इस पद पर रहेंगी।

बम्हरा का जन्म 11 मई 1967 को हुआ था और वह मूल रूप से महाराष्ट्र की रहने वाली हैं। उन्होंने अमेरिका की ड्यूक यूनिवर्सिटी, नॉर्थ कैरोलिना से इंटरनेशनल ट्रेड में एमए किया। इसके बाद उन्होंने जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से इंटरनेशनल स्टडीज में एमफिल किया और इंटरनेशनल लॉ में पोस्ट ग्रेजुएशन डिप्लोमा भी हासिल किया।

प्रशासन में उनका करीब 34 साल का लंबा अनुभव है। वह पटना की डिप्टी डेवलपमेंट कमिश्नर और कटिहार व बेगूसराय की जिलाधिकारी रह चुकी हैं। उन्होंने खनन एवं भू-विज्ञान, साइंस एंड टेक्नोलॉजी, पर्यटन, पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन और सामाजिक कल्याण जैसे विभागों में काम किया है। वह महिला विकास निगम की प्रबंध निदेशक भी रही हैं।

इस समय वह राजस्व पर्षद की अध्यक्ष-सह-सदस्य और समाज कल्याण विभाग की अपर मुख्य सचिव के रूप में काम कर रही थीं। उनके पति दीपक कुमार सिंह भी 1992 बैच के IAS अधिकारी हैं और बिहार कैडर में हैं।

कंडोम वाले बयान पर माफी मांगनी पड़ी थी

महिला विकास निगम की प्रबंध निदेशक रहते हुए एक कार्यक्रम में उनके बयान से बड़ा विवाद हुआ था। समाज कल्याण विभाग के ‘सशक्त बेटी, समृद्ध बिहार’ कार्यक्रम में छात्राओं ने सस्ते सैनिटरी नैपकिन की मांग की थी। इस पर बम्हरा ने कहा था कि आज 20-30 रुपये के सैनिटरी पैड की मांग है, तो कल परिवार नियोजन की बात आने पर क्या निरोध भी देना होगा?

एक छात्रा ने कहा था कि सरकार को पैसे देने चाहिए, क्योंकि वह वोट मांगने आती है। इस पर बम्हरा ने कहा था, ‘मत दो वोट, चली जाओ पाकिस्तान।’ एक छात्रा की टूटे शौचालय की शिकायत पर भी उन्होंने पूछा था कि क्या उसके घर में अलग शौचालय है। खबर सामने आने के बाद काफी बवाल हुआ था और तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी नाराजगी जताई थी। इसके बाद बम्हरा को माफी मांगनी पड़ी थी। राष्ट्रीय महिला आयोग ने भी मामले का संज्ञान लेकर सात दिन में लिखित जवाब मांगा था।

Desh Raj
Desh Raj
Please wait....

Read more

Related News