Aliganj News: उत्तर प्रदेश के अलीगंज क्षेत्र में ऑनर किलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक कलयुगी चाचा ने कथित इज्जत के नाम पर अपनी ही नाबालिग भतीजी की गला दबाकर हत्या कर दी। वारदात छिपाने के लिए उसने शव को खेत में दफना दिया। पुलिस ने आरोपी को अरेस्ट कर लिया है।
मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जमीन से निकाला गया शव
अलीगंज पुलिस को 16 अगस्त को गांव में किशोरी की संदिग्ध मौत की सूचना मिली थी। मामले की गंभीरता को देखकर पुलिस टीम तुरंत एक्टिव हो गई। इसके बाद 18 अगस्त को प्रशासनिक परमिशन लेकर मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में खुदाई कराई गई। पुलिस ने जमीन से शव निकालकर 19 अगस्त को पोस्टमार्टम कराया।
पोस्टमार्टम और पंचायतनामा की कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने एक्शन तेज किया। मृतका के दादा की शिकायत पर 20 अगस्त को आरोपी चाचा जयप्रकाश के खिलाफ हत्या और एविडेंस नष्ट करने का केस दर्ज हुआ। पुलिस ने आरोपी को कस्टडी में लेकर जब पूछताछ की, तो उसने पूरा सच उगल दिया।
फोन पर बात करने को लेकर हुआ था विवाद
आरोपी जयप्रकाश ने पुलिस को बताया कि 28 जुलाई की सुबह दोनों मिर्च के खेत में काम कर रहे थे। उसी दौरान युवती ट्यूबवेल के पास जाकर प्रेमी से मोबाइल पर बात करने लगी। जयप्रकाश ने उसे देख लिया और दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। गुस्से में आकर उसने दुपट्टे से गला घोंट दिया।
वारदात के बाद उसने शव को कोठरी में छिपा दिया और घर जाकर झूठ बोल दिया कि भतीजी भाग गई है। रात में उसने मार्केट से नमक खरीदा और खेत में गड्ढा खोदा। आरोपी ने शव को गलाने के लिए नमक डाला और साक्ष्य छिपाने के मकसद से पैरों में छह कीलें ठोंक दी थीं।