हिमाचल के ऊना में पुलिस ने अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरोह का किया पर्दाफाश, 4 क्विंटल 52 किलो डोडा चूरा-पोस्त जब्त

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ऊना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतर्राज्यीय नशा तस्कर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 4 क्विंटल 52 किलो से अधिक डोडा चूरा-पोस्त बरामद किया है। इस मामले में पंजाब के दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

एसपी ऊना सचिन हिरेमठ ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर 30 जुलाई की देर रात मैहतपुर पुलिस थाना के इंस्पेक्टर अशोक कुमार की टीम ने फतेहपुर गांव के पास नाका लगाया था। इस दौरान एक मालवाहक गाड़ी को रोककर तलाशी ली गई, तो उसमें 8 बोरों में 1 क्विंटल 62 किलो 640 ग्राम डोडा चूरा-पोस्त मिला।

लमलेहड़ा में ट्रैक्टर-ट्रॉली से मिली 2.90 क्विंटल भुक्की

पुलिस ने पकड़े गए तस्करों से तुरंत पूछताछ की और उनके संपर्कों की जांच की। उनसे मिले सुरागों पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम रात में ही लमलेहड़ा गांव पहुंची। वहां एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से 14.5 बोरियों में भरा 2 क्विंटल 90 किलो डोडा चूरा-पोस्त जब्त किया गया। दोनों कार्रवाइयों में कुल 4.52 क्विंटल नशा बरामद हुआ।

पुलिस ने इस मामले में पंजाब के होशियारपुर निवासी जोगा सिंह और हरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के पीछे छिपे मुख्य तस्करों और सप्लाई चेन का पता लगाने में जुट गई है।

नेटवर्क और मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस जांच में इस बात का पता लगाया जा रहा है कि इतनी भारी मात्रा में नशा कहां से लाया गया था और ऊना में इसकी डिलीवरी किसे दी जानी थी। लमलेहड़ा में रखी ट्रैक्टर-ट्रॉली के मालिक और रिटेल सप्लाई की जगहों की पहचान की जा रही है। आरोपियों के बैंक खातों और कॉल डिटेल की भी जांच हो रही है।

एसपी सचिन हिरेमठ ने कहा कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। प्रदेश सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नशे के कारोबार को पूरी तरह खत्म किया जाएगा। नशा माफिया से जुड़े हर व्यक्ति की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News