ऊना में 35 लाख की चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, पंजाब से पकड़ा गया तीसरा आरोपी

Share

- Advertisement -

Una News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पुलिस ने टाहलीवाल क्षेत्र में हुई सिलसिलेवार चोरियों का पर्दाफाश किया है। पुलिस की विशेष टीम ने गिरोह के तीसरे और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इस शातिर गिरोह ने कई घरों को निशाना बनाकर 35 लाख रुपए के गहने चुराए थे।

टाहलीवाल क्षेत्र में जून महीने के दौरान 6, 12 और 13 तारीख को चोरी की कई बड़ी वारदातें सामने आई थीं। लगातार हो रही इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान सचिन हिरेमठ ने तुरंत स्पेशल टीम बनाई। वैज्ञानिक सबूतों और तकनीकी जांच की मदद से पुलिस ने 3 जुलाई को अमृतसर से दो चोरों को दबोच लिया था।

पंजाब के रूपनगर से पुलिस ने तीसरे आरोपी को दबोचा

दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम लगातार तीसरे फरार सदस्य की तलाश में जुटी हुई थी। मुखबिरों से मिली सटीक सूचना के आधार पर 24 जुलाई को पंजाब के रूपनगर जिले से हरदीप सिंह को गिरफ्तार किया गया। कोर्ट ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है, जहां उससे पूछताछ जारी है।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने चोरी के सोने-चांदी के गहने पंजाब के ज्वैलर्स को काफी कम कीमत पर बेचे थे। पुलिस दो मामलों का सामान पहले ही बरामद कर चुकी है। अब टीम 12 जून को निर्मल सिंह के घर से गायब हुए सामान को रिकवर करने के लिए पंजाब के संबंधित व्यापारियों पर शिकंजा कस रही है।

एसपी सचिन हिरेमठ ने मामले को सुलझाने वाली पुलिस टीम की सराहना की है। उन्होंने आम जनता को भरोसा दिलाया कि जिले में कानून-व्यवस्था पूरी तरह मजबूत रहेगी। एसपी ने कहा कि अपराधियों और गिरोहों के खिलाफ पुलिस का यह सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा का माहौल बना रहे।

Right News Desk
Right News Desk
लॉ और पत्रकारिता स्नातक, पत्रकारिता में 11 वर्ष का अनुभव

Read more

Related News